लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा जिले में बालू माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला सेन्हा थाना क्षेत्र का है, जहाँ अवैध बालू के परिवहन को रोकने गए अंचलाधिकारी (सीओ) पंकज कुमार भगत पर माफियाओं ने हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में न केवल सीओ के साथ मारपीट की गई, बल्कि उनके सरकारी वाहन के शीशे भी पत्थर मारकर तोड़ दिए गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।

क्या है पूरा मामला?

प्राथमिकी के अनुसार, सीओ पंकज कुमार भगत को गुप्त सूचना मिली थी कि सेन्हा थाना क्षेत्र के मुरकी-सेन्हा पथ पर स्थित नूरी सराय पुल के पास अवैध डंपिंग यार्ड से बालू का अवैध उठाव किया जा रहा है। सूचना की सत्यता जांचने और कार्रवाई करने के लिए जब सीओ अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे, तो बालू लदे ट्रैक्टर को उन्होंने पकड़ लिया।

लाठी-डंडों और बेलचा से हमला

सीओ द्वारा ट्रैक्टर पकड़े जाने पर स्थानीय निवासी जैनुल अंसारी के पुत्र दानिश अंसारी, उसकी पत्नी नुसरत जहां और छोटे पुत्र राशिद अंसारी सहित करीब 10 अज्ञात महिला-पुरुषों ने सरकारी टीम को घेर लिया। आरोप है कि इन लोगों ने सीओ पर लाठी-डंडा और बेलचा से हमला किया। माफियाओं ने पकड़े गए ट्रैक्टर से बालू को अनलोड कर दिया और जबरन ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए।

झूठे केस में फंसाने की धमकी

सीओ ने अपने आवेदन में बताया कि उन पर ईंट-पत्थरों से हमला कर उनके वाहन को क्षतिग्रस्त किया गया। इतना ही नहीं, हमलावरों ने उन्हें रोककर मारपीट की और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। पुलिस बल के मौके पर पहुंचते ही सभी आरोपी वहां से भाग निकले।

पुलिस की कार्रवाई

सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा ने बताया कि सीओ के आवेदन पर कांड संख्या 26/26 दर्ज की गई है। इसमें सरकारी कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने और धमकी देने की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस इंस्पेक्टर सुधीर साहू के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version