रांची। झारखंड की राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामले में कुख्यात राहुल दुबे गैंग ने शहर के प्रतिष्ठित बिल्डर राफे कमाल से पांच करोड़ रुपये की भारी-भरकम रंगदारी मांगी है। रकम न देने पर न सिर्फ बिल्डर बल्कि उनके परिवार को भी जान से मारने की धमकी दी गई है। इस सनसनीखेज मामले को लेकर राफे कमाल ने रांची के अरगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जमीन विवाद और गैंगस्टरों की एंट्री दर्ज एफआईआर के मुताबिक, विवाद की जड़ पंडरा स्थित एक जमीन है। बिल्डर का आरोप है कि उन्हें पिछले कुछ दिनों से तौसिफ, नईम, बादशाह और आसिफ नामक व्यक्ति लगातार धमका रहे थे। बीते 6 जनवरी को जब राफे अपनी जमीन पर गए, तो आरोपियों ने उन्हें राहुल दुबे और अमन साहू गैंग का नाम लेकर वहां से भगा दिया। अपराधियों ने साफ कहा कि जमीन पर काम करना है तो पहले इन गैंगस्टरों से ‘सेटिंग’ करनी होगी।

भाई की रेकी कर भेजा वीडियो, बढ़ी सुरक्षा की चिंता धमकी का सिलसिला यहीं नहीं रुका। 6 जनवरी की शाम बिल्डर के मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें भेजने वाले ने खुद को राहुल दुबे गिरोह का प्रकाश शुक्ला बताया और सीधे 5 करोड़ रुपये की मांग कर दी। दहशत तब और बढ़ गई जब 17 जनवरी को अपराधियों ने बिल्डर के भाई की रेकी (पीछा करना) करते हुए एक वीडियो उनके फोन पर भेजा। यह इस बात का संकेत था कि अपराधी उनके परिवार की हर हरकत पर नजर रख रहे हैं।

अरगोड़ा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है। जिस नंबर से रंगदारी मांगी गई है और वीडियो भेजा गया है, उसे ट्रेस किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version