बीजिंग। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने गुरुवार को ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ मुलाकात में बहुपक्षवाद और मुक्त व्यापार को अपनाने का आह्वान किया। शी ने कहा कि चीन और ब्रिटेन दोनों बहुपक्षवाद के समर्थक हैं और अंतरराष्ट्रीय कानून तभी प्रभावी हो सकता है जब सभी देश उसका पालन करें। उन्होंने बड़े देशों से नेतृत्व की अपेक्षा करते हुए कहा कि ऐसा नहीं होने पर दुनिया में जंगल के कानून का खतरा पैदा हो जाएगा।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री स्टार्मर आठ साल बाद चीन की आधिकारिक यात्रा पर पहुंचे हैं। जुलाई 2024 में प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला चीन दौरा है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के खराब रिश्तों को सुधारना और व्यापार को बढ़ाना है। स्टार्मर ने बीजिंग स्थित ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में राष्ट्रपति जिनपिंग से बातचीत की। उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों देश कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे।
स्टार्मर का मुख्य लक्ष्य ब्रिटिश कंपनियों के लिए व्यापार के नए अवसर तलाशना है, क्योंकि इस समय ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था काफी धीमी चल रही है। इस यात्रा में उनके साथ 50 से ज्यादा बड़े कारोबारी और सांस्कृतिक संगठनों के नेता भी शामिल हैं। जिनपिंग से मिलने से पहले ब्रिटिश नेता ने चीन की नेशनल पीपल्स कांग्रेस के चेयरमैन झाओ लेजी से भी मुलाकात की।
चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों, वैश्विक मुद्दों और आर्थिक सहयोग पर विस्तृत चर्चा की। स्टार्मर की यह यात्रा ब्रेक्सिट के बाद ब्रिटेन के नए वैश्विक रणनीतिक रोडमैप का हिस्सा मानी जा रही है। दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के लिए यह उच्च स्तरीय संवाद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

