रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा और उसके प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस महासचिव राकेश सिन्हा ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के लिए भगवान राम का नाम केवल धर्म और आस्था को बेचकर राजनीतिक मुनाफा कमाने का साधन है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झूठे सपने दिखाकर जनता को गुमराह कर रही है, जबकि कांग्रेस के लिए राम का नाम सत्य, न्याय और धर्म का प्रतीक है।
मनरेगा का नाम बदलने पर छिड़ा विवाद राकेश सिन्हा ने केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलने की कवायद को महात्मा गांधी के आदर्शों का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि मनरेगा का नाम बदलकर ‘श्री राम जी’ करना गरीबों के अधिकारों पर हमला है और समाज को बांटने की कोशिश है। कांग्रेस नेता ने बाबूलाल मरांडी को उनके शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा कि मनरेगा घोटाला उन्हीं के दौर में हुआ था, जिसके कारण एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को जेल की हवा खानी पड़ी थी।
बजट में कटौती और रोजगार पर संकट कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को तबाह करने का आरोप लगाया है। सिन्हा ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 2023-24 के बजट में मनरेगा के फंड में 34 प्रतिशत की भारी कटौती की गई, जिससे बजट 89,154 करोड़ रुपये से घटकर महज 60,032 करोड़ रुपये रह गया है। उन्होंने 125 दिन के रोजगार की गारंटी को सफेद झूठ करार देते हुए कहा कि कांग्रेस गरीबों के हक के लिए सड़कों पर उतरकर आर-पार की लड़ाई लड़ेगी।

