लातेहार (महुआडांड): खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं जब लातेहार जिले के महुआडांड थाना क्षेत्र स्थित सरनाडीह पुल के पास शनिवार देर शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में आरदीप मुंडा (पिता जलसू मुंडा) नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं।

विसर्जन के बाद घर लौट रहे थे युवक जानकारी के अनुसार, सरनाडीह गांव के रहने वाले ये सभी युवक गांव में आयोजित मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। शाम करीब 7 बजे जब वे विसर्जन समाप्त कर वापस घर लौट रहे थे, तभी पुल के समीप दोनों तेज रफ्तार बाइकों में सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए और युवक सड़क पर काफी दूर जा गिरे।

हेलमेट न पहनना पड़ा भारी हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड पहुंचाया गया। वहाँ मौजूद डॉ. अमित खालको ने आरदीप को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायल—रितेश किंडो (20), वीरेंद्र खेरवार (25) और अमरसहाय तिर्की (22) की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण सिर में आई गंभीर चोटें जानलेवा साबित हुईं। महुआडांड थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि दोनों दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version