नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में भारत का आर्थिक सर्वे 2025-26 पेश किया। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया को संबोधित कर सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। लोकसभा की कार्यवाही एक फरवरी सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी को केंद्रीय बजट 2026 पेश करेंगी। यह उनका लगातार नौवां रिकॉर्ड बजट होगा। अमेरिकी टैरिफ और अस्थिर जियोपॉलिटिकल हालात के बीच आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने के लिए सुधार के कदम शामिल होने की उम्मीद है।
यह सत्र दो हिस्सों में चलेगा। पहला सत्र 13 फरवरी को छुट्टी के लिए टाल दिया जाएगा और 9 मार्च को फिर से शुरू होगा। इस बजट सत्र में 65 दिनों में 30 बैठकें होंगी और यह 2 अप्रैल को खत्म होगा। इस दौरान विपक्ष का सरकार को घेरने का प्लान है।
विपक्ष वीबी-जी राम जी कानून, एसआईआर, विदेश नीति और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए तैयार है। सरकार ने अभी तक इस सेशन के लिए कोई नया बिल लिस्ट नहीं किया है।


