नई दिल्ली। झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और कांग्रेस कोटे के मंत्रियों को केंद्रीय नेतृत्व ने दिल्ली तलब किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर होने वाली इस अहम बैठक में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और संगठन प्रभारी केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहेंगे। बैठक का मुख्य एजेंडा राज्य की राजनीतिक रणनीति और पार्टी की प्राथमिकताओं पर विस्तृत चर्चा करना है।
इस बैठक में विधायकों द्वारा हाल ही में उठाई गई शिकायतों को भी रखा जाएगा। पिछले सप्ताह राज्य के कई विधायकों ने दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात कर मंत्रियों पर प्राथमिकता न देने और उपेक्षा करने का आरोप लगाया था। इस पर आलाकमान ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस प्रभारी के. राजू से बात करने के निर्देश दिए थे। अब मंत्रियों से इन शिकायतों के संबंध में सीधे सवाल किए जा सकते हैं।
बैठक में के. राजू, केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उपनेता राजेश कच्छप, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की सहित सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल होंगे। यह बैठक गठबंधन सरकार में कांग्रेस की भूमिका और भविष्य की रणनीति तय करने के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

