रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को झारखंड की उभरती अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार’ से सम्मानित अनुष्का कुमारी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने अनुष्का को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें स्पोर्ट्स किट प्रदान की और उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की। इस दौरान सीएम ने बड़ा एलान करते हुए रांची के ओरमांझी प्रखंड स्थित अनुष्का के पैतृक गांव रुक्का में एक खेल मैदान विकसित करने का निर्देश जिला प्रशासन को दिया।

संघर्ष से अंतरराष्ट्रीय पहचान तक का सफर अनुष्का कुमारी की कहानी बेहद प्रेरणादायक है। उनके पिता दिव्यांग हैं और मां दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार चलाती हैं। गरीबी और अभावों के बीच अनुष्का ने फुटबॉल के प्रति अपने जुनून को कम नहीं होने दिया। उनकी प्रतिभा को देखते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हाल ही में उन्हें सम्मानित किया था। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आर्थिक तंगी किसी भी खिलाड़ी के आड़े नहीं आएगी और अनुष्का के परिवार को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से तुरंत जोड़ा जाएगा।

आगामी लक्ष्य: एशियाई अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता अनुष्का ने भूटान में आयोजित सैफ अंडर-17 चैंपियनशिप में सर्वाधिक 7 गोल दागकर ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब जीता था। वह अब मार्च 2026 में चीन में होने वाली एशियाई अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। फिलहाल वह हजारीबाग के आवासीय फुटबॉल केंद्र में प्रशिक्षण ले रही हैं और इस साल 10वीं की परीक्षा भी देंगी। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version