खरसावां। झारखंड के खरसावां विधानसभा क्षेत्र के JMM विधायक दशरथ गगराई हाल ही में अपने नए म्यूजिक वीडियो को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। साउथ फिल्मों के हीरो की स्टाइल में गाड़ी से एंट्री लेते हुए दिखे विधायक ने अपने आइटम सॉन्ग ‘नशा चढ़ाओ जान’ में न सिर्फ अभिनय किया है, बल्कि गाने को अपनी आवाज़ भी दी है। इस म्यूजिक वीडियो में उनका अंदाज़ और स्टाइल बिल्कुल किसी पेशेवर कलाकार की तरह नजर आता है।
वीडियो में दशरथ गगराई का लुक, मूव्स और एक्टिंग पूरी तरह आधुनिक और एंटरटेनिंग है। हाई-एनर्जी आइटम नंबर के रूप में फिल्माए गए इस गाने में रंगीन लोकेशन, आकर्षक कोरियोग्राफी और दमदार म्यूजिक ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। इस गाने की शूटिंग झारखंड में हुई, जबकि गाने की टीम कोलकाता से आई थी। गाने की भाषा स्थानीय है, लेकिन इसे आधुनिक तकनीक और मॉडर्न स्टाइल में प्रस्तुत किया गया है, ताकि पारंपरिक और नया फ्लेवर दोनों दर्शकों तक पहुंचे।
विधायक दशरथ गगराई ने बताया कि उनके भीतर बचपन से ही एक कलाकार छिपा हुआ है। उन्हें गाना, लिखना और अभिनय करना बेहद पसंद है। उन्होंने कहा कि यह गाना पूरी तरह मनोरंजन के उद्देश्य से किया गया है, ताकि लोग उनके रचनात्मक और अलग पक्ष को जान सकें। उन्होंने यह भी बताया कि 26 जनवरी तक उनका एक और गाना रिलीज़ होगा, जिसमें उनकी पत्नी भी अभिनय करती नजर आएंगी।
हालांकि इस म्यूजिक वीडियो के सामने आते ही सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे वीडियो झारखंड की संस्कृति और मूल्यों के खिलाफ हैं और जनप्रतिनिधियों को समाज को दिशा दिखानी चाहिए, न कि इस तरह के संदेश देने चाहिए। प्रतुल शाहदेव ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि अगर विधायक इसे एआई जेनरेटेड वीडियो बता रहे हैं, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
सियासी विरोध और जनता की प्रतिक्रियाओं के बीच यह म्यूजिक वीडियो झारखंड में चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो ने सोशल मीडिया पर भी काफी वायरलता हासिल की है, जबकि विपक्ष ने इसे राजनीति और नैतिकता के लिहाज से गंभीर मुद्दा बताया है।



