रांची। झारखंड की राजधानी रांची में कड़ाके की ठंड और भीषण शीतलहर का प्रकोप जारी है। गिरते पारे के बीच बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के लिए रांची जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। उपायुक्त (डीसी) मंजूनाथ भजंत्री के नेतृत्व में जिले भर में व्यापक स्तर पर कंबल वितरण और अलाव की व्यवस्था की गई है।
आधी रात को वृद्धाश्रम पहुंचे उपायुक्त संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री स्वयं इस अभियान की कमान संभाल रहे हैं। शनिवार की देर रात उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वे वृद्धाश्रम पहुंचे और वहां रह रहे बुजुर्गों से बातचीत कर उनका हाल जाना। उपायुक्त ने अपने हाथों से वृद्धजनों को कंबल भेंट किए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जिले में कोई भी व्यक्ति खुले में न सोए और हर जरूरतमंद तक गर्म कपड़े पहुँचें।
प्रमुख चौराहों पर अलाव की व्यवस्था रांची शहरी क्षेत्र के साथ-साथ सभी प्रखंडों के प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाए गए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शीतलहर से बचाव उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अभियान में सामाजिक सुरक्षा विभाग के सहायक निदेशक रविशंकर मिश्रा समेत कई प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
आम जनता से सहयोग की अपील प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी कोई व्यक्ति ठंड से पीड़ित या बेसहारा दिखे, तो तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष, नजदीकी थाना या प्रखंड कार्यालय को सूचित करें। प्रशासन की टीमें 24 घंटे अलर्ट पर हैं ताकि समय रहते सहायता पहुंचाई जा सके।

