बोकारो: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि झारखंड नामधारी दलों की पोल खोलें। उन्होंने कहा कि इन दलों की हकीकत जनता तक पहुंचाना जरूरी है। वह शनिवार को जैनामोड़ में आयोजित भाजपा एसटी मोरचा की कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन करते हुए बोल रहे थे।
राज्य को मुक्ति नहीं, विकास की जरूरत : उन्होंने कहा, झारखंड को अब मुक्ति नहीं, बल्कि विकास की जरूरत है। राज्य की जनजातियों को प्रखंड से पंचायत स्तर तक नेतृत्व खड़ा करना होगा, तभी मजबूत राज्य की परिकल्पना सार्थक होगी। उन्होंने कहा 15 वर्षों तक झारखंड नामधारी पार्टियों ने झारखंड में राज किया, लेकिन स्थानीय नीति बनाने की ओर कोई भी सकारात्मक कदम नहीं उठाया। यदि 15 वर्ष पहले स्थानीय नीति बन गयी होती, तो राज्य का स्वरूप वर्तमान समय में कुछ और होता। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंद्रह साल तक झारखंड नामधारी दलों को सिर्फ यही चिंता सताती रही कि कैसे कुर्सी पर काबिज रहा जाये। उस दौरान सिर्फ घर परिवार की चिंता लोग करते रहे। अगर झारखंड हित में काम किया होता, तो आज झारखंड की स्थिति कुछ और होती। उन्होंने कहा कि अब जनता इन सब बातों को जान समझ गयी है और वह उनकी पोल खोल रही है, इसी से घबरा कर ये दल जनता को गुमराह करना चाह रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं और नेताओं का आह्वान किया कि वे सच्चाई से जनता को अवगत करायें और उनकी पोल खोलें। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने केंद्र सरकार एवं झारखंड सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मन लगाकर पार्टी हित में कार्य करने की सलाह दी।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर की पुष्पांजलि : इससे पहले सीएम ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके पश्चात दीप जलाकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कार्यकर्ताओं ने खड़े होकर वंदे मातरम का सामूहिक गान गाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया। स्वागत भाषण जिला अध्यक्ष आनंद मुर्मू एवं मंत्री लखी हेंब्रम ने दिया। इस अवसर पर अध्यक्षीय भाषण मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक रामकुमार पाहन ने दिया। इसके बाद गिरिडीह सांसद रवींद्र कुमार पांडेय, मंत्री अमर कुमार बाउरी, बेरमो विधायक योगेश्वर महतो बाटुल, बोकारो विधायक विरंची नारायण समेत अन्य कई वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष समीर उरांव, विधायक गंगोत्री कुजूर, हरेकृष्ण सिंह, लक्ष्मण टुडू, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक बड़ाइक, सुनील फकीरा कच्छप, पूर्व विधायक कमलेश उरांव, पुतकर हेंब्रम, सुनील सोरेन, लखन मार्डी, सोभा सामंत, अनिल स्वर्णकार, जरीडीह प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष संजय सिंह, दिलीप हेंब्रम, बोकारो जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष लक्ष्मण कुमार नायक, अनु लकड़ा, बिशु टुडू, अवधेश सिंह चेरो, रीता मुंडा, मनोज नागेसिया, आशीष बारला, सुमन कच्छप, बिरसा पहन, नकुल तिर्की, जगन्नाथ भगत, भोगेन सोरेन, सिद्धाम सिंह मुंडा, नूतन मुंडा, रमेश टुडू सहित प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य, विधायक, पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष शामिल हुए।
Previous Articleरजरप्पा देश का प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र बनेगा : सीएम
Next Article नक्सलियों के गढ़ में पहुंची सरकार