रांची। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाद अब झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को पश्चिम बंगाल में सभा करने से रोक दिया गया। मुंडा बीच रास्ते से ही लौट गये। इसके बाद जमशदेपुर में उन्होंने पत्रकारों से कहा कि बंगाल की सरकार जिस तरह से काम कर रही है, वह लोकतंत्र के लिए खतरा है। सरकार की कार्यप्रणाली से बंगाल की जनता उद्वेलित है। आगामी लोकसभा चुनावों में इसका जवाब देगी।
भाजपा की लोकप्रियता से घबरायी ममता : मुंडा ने कहा कि ऐसा लगता है कि भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से बंगाल की सरकार घबरा गयी है। इसलिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि जिस रास्ते पर ममता बनर्जी की सरकार चल रही है, वह उन्हें राजनीतिक रूप से मिटा देगा। उन्होंने बताया कि उन्हें कोलकाता के रास्ते बांकुड़ा जिला के विष्णुपुर जाना था। उन्हें विष्णुपुर में एक सभा को संबोधित करना था। वह सड़क मार्ग से बर्दवान, कटिंग के रास्ते बांकुड़ा जा रहे थे। रास्ते में ही सूचना मिली कि सरकार ने सभा को अनुमति नहीं दी, तो वह रास्ते से ही लौट गये। कहा कि पार्टी को घटनाक्रम से अवगत करायेंगे।
लोकसभा चुनाव में जनता देगी जवाब: सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र के नाम पर ममता बनर्जी अलोकतांत्रिक काम कर रही है। पूरा देश इसका निंदा कर रहा है। भारत का संविधान किसी को भी देश में बसने, काम करने, आने जाने और अपनी बात रखने का अधिकार देता है। लेकिन बंगाल सरकार संविधान का हनन कर रही है। इसी लोकतांत्रिक प्रक्रिया से वह पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री चुन कर आयी हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में जनता उन्हें उनके किये का जवाब दे देगी।