आकलैंड। भारत ने तीन मैच की सीरीज के दूसरे टी-20 में न्यूजीलैंड को सात विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही उसने सीरीज में 1-1 से बराबरी की। सीरीज का पहला मैच न्यूजीलैंड ने 80 रन से जीता था। भारत ने अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में न्यूजीलैंड को उसके घरेलू मैदान पर पहली बार हराया है। इस मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीता और बल्लेबाजी का फैसला किया। न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 158 रन बनाये। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने सात गेंदें शेष रहते मैच अपने नाम किया। उसने तीन विकेट पर 162 रन बनाये। क्रुणाल पंड्या को मैन आफ द मैच चुना गया।

भारत की ओर से रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाये। उन्होंने 29 गेंद की अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाये। वे अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट के टॉप स्कोरर बने। उनके अब 2288 रन हो गये हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड मार्टिन गुप्टिल के नाम था। गुप्टिल ने 76 टी-20 में 2272 रन बनाए हैं। वहीं रोहित ने 92वें टी-20 में इस आंकड़े को पार किया।

रोहित टी-20 में 100 से ज्यादा छक्के लगाने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज भी बने। उनके अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में अब 102 छक्के हो गए हैं। इस मैच से पहले उन्होंने 91 टी-20 में 98 छक्के लगाए थे। इस मामले में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। गेल 56 और गुप्टिल 76 टी-20 मैच में 103-103 छक्के लगा चुके हैं। रोहित अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। वे अब तक 204 चौके और 102 छक्के लगा चुके हैं। उनसे पहले गुप्टिल के नाम यह रिकॉर्ड था। गुप्टिल के नाम 200 चौके और 103 छक्के हैं।

रोहित ने विराट की बराबरी की
रोहित की कप्तानी में भारत ने अब तक 14 टी-20 खेले हैं। इनमें से टीम इंडिया 12 को जीतने में सफल रही है, जबकि दो में उसे हार का सामना करना पड़ा है। इस मैच में न्यूजीलैंड को हराने के साथ ही रोहित ने कई निजी उपलब्धियां भी अपने नाम कीं। उन्होंने बतौर कप्तान विराट कोहली के 12 टी-20 मैच जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी की। विराट ने अब तक 20 टी-20 में टीम इंडिया की कमान संभाली है। इनमें से 7 मैच हारे और एक बेनतीजा रहा। टीम इंडिया ने धोनी की कप्तानी में सबसे ज्यादा 41 टी-20 जीते हैं।
न्यूजीलैंड की शुरूआत खराब हुई। उसने महज 15 रन के स्कोर पर ही पहला विकेट गंवा दिया था। यही नहीं, 50 रन के कुल स्कोर पर उसके कप्तान केन विलियम्सन भी चौथे बल्लेबाज के तौर पर आउट होकर पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद कोलिन डी ग्रैंडहोम और रॉस टेलर ने पारी को संभाला। दोनों ने 5वें विकेट के लिए 47 गेंद पर 77 रन जोड़े। इस साझेदारी में ग्रैंडहोम ने 28 गेंद में 50 और टेलर ने 19 गेंद पर 22 रन बनाए। एक समय ऐसा लग रहा था कि न्यूजीलैंड की 170 से ज्यादा का स्कोर बनाएगी, लेकिन ग्रैंडहोम के आउट होने के बाद वह 26 गेंद पर 31 रन ही बना पाई और तीन विकेट गंवाए।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं :
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), शिखर धवन, विजय शंकर, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पंड्या, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, क्रुणाल पंड्या, के. खलील अहमद।

न्यूजीलैंड : केन विलियम्सन (कप्तान), कॉलिन मुनरो, रॉस टेलर, टिप सिफर्ट (विकेटकीपर), कोलिन डी ग्रांडहोम, मिशेल सैंटनर, स्कॉट कुगेलजिन, डेरिल मिशेल, टिम साउदी, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्युसन।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version