आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनने के लिए मुख्यमंत्री रघुवर दास भी रविवार को कार्यकर्ताओं के साथ अंचल कार्यालय ओरमांझी में जुटे थे। पीएम ने अपने मन की बात में झारखंड को खास तरजीह दी। कहा कि आज अगर हमारे नौजवानों को मार्गदर्शन के लिए किसी प्रेरणादायी व्यक्तित्व की जरूरत है, तो वह है भगवान बिरसा मुंडा। भगवान बिरसा मुंडा को जब गिरफ्तार किया गया, तो उनकी उम्र मात्र 25 साल थी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब तिरंगे में लिपटे झारखंड के गुमला जिले के फरसामा गांव के शहीद विजय सोरेंग का शव उनके घर पहुंचा, तो मासूम बेटे ने यही कहा कि मैं भी फौज में जाऊंगा। इस मासूम का जज्बा आज भारतवर्ष के बच्चे-बच्चे की भावना को व्यक्त करता है। इस मौके पर झारखंड के गौरवशाली इतिहास और वर्तमान का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा, जमशेदजी टाटा और शहीद विजय सोरेंग को नमन किया। पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करनेवाली झारखंड की लेडी टार्जन यमुना टुडू को पीएम ने बड़ी प्रेरणा बताया।
पीएम ने कहा कि बिरसा मुंडा जैसे भारत मां के सपूत देश के हर हिस्से में हुए हैं। भगवान बिरसा मुंडा और जमशेदजी टाटा ऐसी महान विभूतियों में से हैं, जिन्होंने झारखंड का ही नहीं, पूरे देश का नाम बढ़ाया है। पूरा देश उनके योगदान के लिए कृतज्ञ है। जमशेदजी टाटा सही मायने में दूरदृष्टा थे, जिन्होंने न केवल भारत के भविष्य को देखा, बल्कि उसकी मजबूत नींव भी रखी। इस दौरान शहर से लेकर झारखंड के कई इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओंं ने पीएम मोदी के मन की बात सुनी। कार्यक्रम में झारखंड की महान हस्तियों की प्रधानमंत्री के द्वारा चर्चा किये जाने पर लोगों ने उनका आभार भी जताया।
सीएम ने दी सम्मान राशि
इस अवसर पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पहली किस्त की राशि प्राप्त करने वाले कुछ किसानों को सांकेतिक रूप से प्रमाण पत्र मुख्यमंत्री रघुवर दास के हाथों से दिया गया। रांची की शकुंतला देवी, लोहरदगा के अब्बास अंसारी, सिमडेगा के अंबिका साहू, रामगढ़ की भानु देवी, खूंटी की बुधनी देवी, गुमला की बैगन बीवी, सिमडेगा से देवकरण साहू, रामगढ़ से रामोपदो महतो, गुमला की बाल्मीकि देवी, हजारीबाग की संगीता कुमारी को मुख्यमंत्री के द्वारा प्रमाण पत्र दिया गया।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर विधायक जीतू चरण राम, विधायक राम कुमार पाहन, मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी, पीएम किसान योजना के नोडल अधिकारी मंजुनाथ भजंत्री, ए मुथुकुमार, रमेश घोलप, उपायुक्त रांची राय महिमापत रे, वरीय पुलिस अधीक्षक अनीश गुप्ता तथा एसडीओ गरिमा सिंह सहित अन्य आला अधिकारी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू, रांची जिला ग्रामीण भाजपा के अध्यक्ष रणधीर चौधरी, सरिता पांडेय सहित बड़ी संख्या में विभिन्न जिलों के किसान एवं अन्य उपस्थित थे।