आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि देश और झारखंड की जनता कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को विकल्प के रूप में देख रही है। कहा कि भाजपा के झूठ से जनता परेशान है। हर तबके को भाजपा की केंद्र और राज्य की सरकार ने ठगने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा कर भाजपा केंद्र में सत्ता में आयी थी, लेकिन दुर्भाग्य है कि युवाओं को रोजगार तो नहीं मिला, अलबत्ता जिनके पास पहले से रोजगार थे, उससे भी हाथ गंवाना पड़ा। ग्रामीण जनता की बात करें या शहरी जनता की, सभी को भाजपा सरकार ने ठगने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि देश में अघोषित आपातकाल की स्थिति है। झूठे नारे और वादे के सहारे केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की रघुवर सरकार टिकी हुई है। कहा कि इस सरकार से समाज का कोई भी वर्ग खुश नहीं है। आनन-फानन में जीएसटी लाकर सरकार ने व्यवसायी वर्ग की कमर तोड़ दी। महंगाई चरम पर है। किसान आत्महत्या करने पर मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि दो मार्च को रांची में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली ऐतिहासिक होगी। यह रैली भाजपा की चुल हिलाकर रख देगी। मधु कोड़ा ने कहा कि सिंहभूम से इस रैली में 10 हजार से ज्यादा लोग शामिल होंगे। जितने भी लोग सिंहभूम से रैली में शामिल होने आयेंगे, उनके भोजन की व्यवस्था विधायक गीता कोड़ा करेंगी। पूर्व सीएम ने कहा कि उनका प्रयास है कि रैली में सिंहभूम की हर पंचायत के लोग शामिल हों, ताकि राष्ट्रीय अध्यक्ष के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version