खूंटी। भारतीय जनसंघ के संस्थापक और प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के शहीद दिवस पर मंगलवार को मुरहू प्रखंड अंतर्गत ग्राम कुंजला में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान डॉ मुखर्जी के व्यक्तित्व और कृतित्व को नमन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुरहू मंडल अध्यक्ष विजय राम गंझू ने की।
इस उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के लिए उनके योगदान को याद किया।
मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उनका जीवन देशभक्ति, त्याग और राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण है। उनके विचार आज भी युवाओं और समाज को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप काशीनाथ महतो, दानियाल भगत, दिलीप हीरो, सावन मुंडा, मंगराह मुंडा, बालमुकुंद सिंह, सिकंदर सिंह, विशुन तांती, जले महतो, लूरका महतो सहित कई कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।



