मुंबई : अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। केंद्रीय जांच एजेंसियों से जुड़े एक अधिकारी ने गुरुवार रात इस खबर की पुष्टि की। इस अधिकारी के अनुसार, रवि पुजारी को अफ्रीकी देश सेनेगल के डकार इलाके में 22 जनवरी को गिरफ्तार किया गया। वहां के दूतावास ने भारतीय दूतावास को 26 जनवरी को सूचना दी। रवि पुजारी को पूछताछ के लिए भारत भी लाया जा सकता है।
अधिकारी का कहना है कि रवि पुजारी वहां महाराजा नाम का रेस्तरां चलाता था और साथ ही मुंबई व भारत के अन्य शहरों में उगाही के लिए फोन भी करता था। दो दिन पहले मुंबई क्राइम ब्रांच ने आकाश शेट्टी व विलियम रॉड्र्रिग्स नामक दो आरोपियों पर मकोका लगाया था। उस केस में रवि पुजारी को वॉन्टेड दिखाया गया था। दोनों की गिरफ्तारी पिछले एक पखवाड़ में हुई। ऐसा कहा जाता है कि विलियम ने रवि पुजारी की लोकेशन जांच अधिकारियों को दी। इसी के बाद इंटरपोल के जरिए उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया और 22 जनवरी को उसे गिरफ्तार किया गया।