रांची। झारखंड हाइकोर्ट के वरीय अधिवक्ता राजीव रंजन को नया महाधिवक्ता बनाया गया है। इस संबंध में शुक्रवार को झारखंड सरकार के विधि विभाग की ओर से अधिसूचना जारी की गयी। गुरुवार को अजीत कुमार का इस्तीफा राज्य सरकार ने स्वीकार कर लिया था। महाधिवक्ता नियुक्त होने के बाद राजीव रंजन ने आजाद सिपाही से बातचीत से कहा कि उनकी प्राथमिकता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार के पक्ष को हाइकोर्ट में मजबूती से रखना है। साथ ही झारखंड हाइकोर्ट को न्याय प्रणाली में सहयोग करना है। राजीव रंजन झारखंड स्टेट बार काउंसिल के तीन बार सदस्य रहे हैं। वर्ष 2012 से वर्ष 2017 तक वे काउंसिल के चेयरमैन के पद पर थे। इसके अलावा वह राज्य के गृह विभाग का पक्ष रखने के लिए हाइकोर्ट में विशेष अधिवक्ता भी बनाये गये थे। वर्ष 2006 में वह पहली बार स्टेट बार काउंसिल के सदस्य बने थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version