रांची। राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में दो मासूम जुड़वां भाइयों के रहस्यमय तरीके से लापता होने से सनसनी फैल गई है। सेक्टर-3 स्थित शालीमार बाजार इलाके से करण और अर्जुन नाम के दोनों बच्चे 1 जून को अचानक गायब हो गए। चार दिन बीत जाने के बाद भी अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे शालीमार बाजार में स्थित शौचालय के पास खेल रहे थे, तभी वे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। घटना के बाद से ही परिवार लगातार बच्चों की तलाश में जुटा है, लेकिन हर प्रयास के बावजूद कोई सफलता नहीं मिल सकी है। बच्चों के गायब होने से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा परिवार गहरे सदमे में है।

स्थानीय लोग भी इस घटना से चिंतित हैं और अपने स्तर पर आसपास के क्षेत्रों में बच्चों की खोज कर रहे हैं। कई जगहों पर तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन अब तक दोनों बच्चों का कोई पता नहीं चल पाया है।

परिजनों ने आम लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी को भी दोनों बच्चों के बारे में कोई जानकारी मिले या वे कहीं दिखाई दें तो तुरंत संपर्क करें। उन्होंने मोबाइल नंबर 9122329172 जारी करते हुए लोगों से मदद की गुहार लगाई है, ताकि दोनों मासूम सुरक्षित घर लौट सकें। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version