रांची। महामिलन समारोह में भाजपा के पूर्व राष्टÑीय अध्यक्ष सह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार, नक्सलवाद और आतंकवाद को बढ़ावा देने की कोशिशें हो रही हैं। अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड बनाया। नरेंद्र मोदी ने इसे संवारा है। झारखंड को भाजपा पतन के रास्ते पर जाते नहीं देख सकती है। सड़क से लेकर सदन तक इसके खिलाफ मुकाबला करेंगे। विकास और बेहतर शासन के लिए कार्यकर्ता संकल्पबद्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों पश्चिम सिंहभूम के एक गांव में सात आदिवासियों की निर्मम हत्या कर दी गयी। यही होता रहा और ऐसी शासन व्यवस्था रही, तो भाजपा संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता ने जो जनादेश दिया है, भाजपा उसका सम्मान करती है। मैं बताना चाहता हूं कि भाजपा का लक्ष्य चुनाव जीतना-हारना नहीं होता है। भाजपा का लक्ष्य देश और प्रदेश को आगे बढ़ना है। मां भारती को सर्वोच्च स्थान पर स्थापित करना है। लक्ष्य की पूर्ति के लिए विपक्ष में रहकर भी भाजपा को काम करना आता है। अमित शाह ने कहा कि हम झारखंड की जनता को भरोसा दिलाते हैं कि सत्ता में रहते हमने जितना काम किया, उससे अधिक काम विपक्ष में रहते हुए सरकार का कान पकड़ कर करेंगे। अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार की एक-एक कार्यक्रम और योजना को रघुवर दास की सरकार ने गांव- गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया। 2014-2019 में केंद्र और राज्य की सरकारों ने विकास की हर योजना को निचले स्तर तक पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार विकास और कल्याण से जुड़ी पूर्व की योजनाओं को आगे बढ़ाने का सरकार काम करे, भाजपा जिम्मेदार विपक्ष बनकर साथ देगी।
साल 2014 से ही प्रयास, पर बाबूलाल मान ही नहीं रहे थे
बाबूलाल मरांडी की भाजपा में वापसी को लेकर अमित शाह ने कहा कि साल 2014 में जब पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना था, तभी से प्रयास कर रहा था कि बाबूलाल मरांडी भाजपा में आ जायें, लेकिन ये ठहरे जिद्दी और अब जाकर माने हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड को अलग राज्य की पहचान देने के काम अटल बिहारी वाजपेयी ने किया। जब मुख्यमंत्री बनाने का मौका भाजपा को मिला, तो बाबूलाल मरांडी को ही हमने मुख्यमंत्री बनाया।
कुछ कारणों से वह पार्टी छोड़ गये। एक लंबा अरसा घुमंतू नेता के तौर पर और सत्ता के बगैर संघर्ष करके कैसे रहा जा सकता है, इसकी छवि बाबूलाल ने बनायी। अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और बीजेपी के वरिष्ठ नेता कड़िया मुंडा की भी तारीफें की। कहा कि बाबूलाल के भाजपा में आने से पार्टी के स्थानीय नेतृत्व को अनुभवी और संघर्षरत नेता मिलेगा और इससे भाजपा की ताकत अनेक गुना बढ़ेगी।