रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने साफ शब्दों में कहा कि राज्य में बहन-बेटियों की सुरक्षा प्राथमिकता में है। सुरक्षा से खिलवाड़ की इजाजत किसी को नहीं दी जायेगी। पुलिस संवेदनशील होकर कार्य करे। सीएम बुधवार को डोरंडा के जैप वन ग्राउंड पर तीन दिवसीय 17वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट के समापन समारोह में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस संवेदनशील होकर कार्य करे। बहन-बेटियां आज काम के सिलसिले में चौखट से बाहर निकल रही हैं। उनकी सुरक्षा के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें, उन्हें उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए एनजीओ के साथ मिलकर अभियान चलायें। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि पुलिस संवेदनशील बन कर काम करे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस ड्यूटी मीट में वैज्ञानिक अनुसंधान पर आधारित प्रतियोगिताएं हुईं हैं। वैज्ञानिक अनुसंधान से अभियोजन पक्ष मजबूत होगा और दोषियों को सजा मिलेगी। इसमें सीखे गये तरीके नक्सल समस्या के समाधान में भी सहायक साबित होंगे। राज्य स्तर की इस प्रतियोगिता के विजेता राष्ट्रीय स्तर पर भी परचम लहरायेंगे, इसके लिए मुख्यमंत्री ने शुभकामनाएं भी दीं।
महिलाएं किसी भी थाने में शिकायत दर्ज करा सकती हैं : डीजीपी
इससे पहले डीजीपी कमल नयन चौबे ने अपने स्वागत भाषण से सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने प्रतियोगिताओं के बारे में जानकारी दी। कहा कि राज्य में महिलाएं किसी भी थाने में अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। उनकी शिकायत दर्ज नहीं करने वाले अधिकारी पर कार्रवाई होगी। मिसिंग चाइल्ड व मानव तस्करी पर काम कर रही राज्य की आठ एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) के बारे में भी डीजीपी ने बताया। उन्होंने कहा कि राज्य के बाहर से बड़े लिंक जुड़ने पर इसकी जांच के लिए एनआइए से अनुशंसा की जायेगी। राज्य में साइबर क्राइम के क्षेत्र में बेहतर करने की कोशिश जारी है, इसके लिए साइबर प्रयोगशाला को भी विकसित किया जा रहा है। 2017 से अब तक 1100 साइबर अपराधी गिरफ्तार किये जा चुके हैं। झारखंड पुलिस आॅनलाइन पोर्टल पर दूसरे राज्यों के साथ अनुसंधान में भी सहयोग कर रही हैं। यहां की पुलिस को दक्ष बनाने के लिए अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय है, जहां विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
सीएम ने विजेताओं को पुरस्कृत किया
पुलिस ड्यूटी मीट में 10 विषयों की परीक्षा ली गयी थी। मुख्यमंत्री ने सभी विजेता को पुरस्कृत किया, ट्राफी देकर सम्मानित किया और स्मारिका का भी विमोचन किया। इस मौके पर मुख्यालय के डीजी पीआके नायडू, निगरानी के डीजी नीरज सिन्हा, होमगार्ड के डीजी एमवी राव, एडीजीपी अजय कुमार सिंह, सीआइडी के एडीजीपी अनुराग गुप्ता, आधुनिकीकरण के एडीजीपी आरके मल्लिक, रेल के एडीजीपी प्रशांत सिंह, रांची के डीआइजी वेणुकांत होमकर, एसएसपी अनिश गुप्ता सहित कई पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version