अगरतला। भाजपा के अखिल भारतीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लोगों के कल्याण के लिए नहीं बल्कि त्रिपुरा में अपने अस्तित्व बचाने के लिए वाम मोर्चा और कांग्रेस ने हाथ मिलाया है, लेकिन भाजपा त्रिपुरा को दुनियाभर में आगे ले जाने की लड़ाई लड़ रही है।
नड्डा शुक्रवार को अमरपुर में विजय संकल्प जनसभा को संबोधित कर रहे थे। नड्डा ने त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में वाम मोर्चा और कांग्रेस के गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि हत्या-आतंकवादी, राशन चोर और कमीशन एजेंट के दो गिरोह एक साथ आए हैं। क्योंकि, त्रिपुरा में बिप्लब कुमार देव और माणिक साहा के सरकार ने लोगों के अधिकारों की स्थापना की है। ईमानदार और पारदर्शी सरकार ने बेईमानों के युग का अंत कर दिया है।
उन्होंने यहां वाममोर्चा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एक जमाने में त्रिपुरा में विपक्षी कार्यकर्ताओं के घर में घुसकर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसके बाद पुलिस मूकदर्शक बनी रही, लेकिन आज भाजपा के कायकर्ता के साथ-साथ विपक्षी दल के कार्यकर्ताओं की भी सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। यह छवि बदलते त्रिपुरा में हर जगह दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि वाम मोर्चा और कांग्रेस के सरकारें जब त्रिपुरा में थी, तब भ्रष्टाचार हुआ है। राशन की चोरी और कमीशन का व्यापार खुलेआम चलते थे। लिहाजा आज दोनों भाजपा के खिलाफ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि त्रिपुरा में 16 फरवरी को मतदान होना है। भाजपा ने आज से अपना चुनाव प्रचार अभियान तेज गति से शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत शुक्रवार को एकदिन में ही 32 स्थानों पर चुनावी जनसभाएं आयोजित की गई हैं। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अमरपुर के बाद कुमारघाट में भी जनसभा को संबोधित किया।
उधर, केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, केन्द्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर, पश्चिम बंगाल के विपक्ष के नेता शुभेन्दु अधिकारी, सांसद दिलीप घोष, भाजपा नेता मिथुन चक्रबर्ती, भाजपा जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष समीर ऑरोनग ने भी त्रिपुरा में अलग अलग स्थानों पर जनसभाएं की।