आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोला। दीपक प्रकाश प्रवर्तन निदेशालय द्वारा ग्रामीण विकास विभाग के चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम की गिरफ्तारी के बाद बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार के संरक्षण में राज्य भ्रष्टाचार में आकंठ डूब चुका है। बिचौलिए और भ्रष्टाचारी दिन रात फल-फूल रहे हैं। जिस प्रकार से सभी विभागों में रोज लूट के नये-नये कारनामे उजागर हो रहे हैं, जनता उसकी कल्पना भी नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि इडी की कार्रवाई के पहले आखिर क्या कारण रहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचारियों पर एफआइआर दर्ज करने, दंडात्मक कार्रवाई करने जैसी फाइलों पर कुंडली मार कर बैठी रही। उन्होंने कहा कि केवल वीरेंद्र राम ही नहीं, बल्कि पथ निर्माण विभाग, रांची नगर निगम, राज्य आवास बोर्ड, विधानसभा और हाइकोर्ट बिल्ंिडग निर्माण में भ्रष्टाचार के संगीन आरोपों से घिरे अभियंताओं पर एसीबी की अनुशंसा के बावजूद मुकदमे दर्ज क्यों नहीं हुए, कार्रवाई क्यों नहीं हुई? उन्होंने कहा कि राज्य के वरिष्ठ मंत्री आलमगीर आलम तो ऐसे भ्रष्ट अभियंता को बॉडी गार्ड उपलब्ध कराने के लिए पत्र से अनुशंसा भी कर चुके हैं। इससे स्पष्ट है कि अपराधियों, भ्रष्टाचारियों को राज्य सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। भाजपा राज्य संपोषित भ्रष्टाचार का आरोप कई बार लगा चुकी है। पार्टी लगातार इसके खिलाफ आंदोलन भी कर रही है। उन्होंने कहा कि इडी की कार्रवाई के बाद एक वरिष्ठ आइएएस अधिकारी पर कार्रवाई हो रही, लेकिन अभियंताओं की तरह कई वरिष्ठ अधिकारी, नौकरशाहों पर लगे भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों की फाइल सत्ता के शीर्ष स्तर पर कार्रवाई की बाट जोह रही। उन्होंने कहा कि इडी की कार्रवाई में कई नाम जब्त दस्तावेजों में उजागर हो रहे हैं। ऐसे लोगों से भी गंभीरतापूर्वक पूछताछ होनी चाहिए चाहे उसमें कोई नौकरशाह हो, दलाल बिचौलिया हो या फिर कोई राजनीतिज्ञ। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार करने, उसे संरक्षण देने वाले दोनों बराबर के दोषी हैं। इसलिए किसी को भी बख्शा नहीं जाना चाहिए, कार्रवाई होनी चाहिए। राज्य की जनता दूध का दूध और पानी का पानी देखना चाहती है।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



