आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। शहर के इरबा स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पिता और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन तीन दिनों के बाद रविवार को अस्पताल से डिस्चार्ज हो गये। शिबू सोरेन का इलाज कर रहे डॉक्टर अमित कुमार ने बताया कि उन्हें जो भी समस्या थी उसकी दवा दे दी गयी है। फिलहाल, वे राहत महसूस कर रहे हैं। डॉक्टर ने बताया कि शिबू सोरेन को कई हिदायतों के साथ डिस्चार्ज किया गया है। उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जो भी समस्याएं हैं, उसके हिसाब से खाने-पीने में परहेज करने की भी सलाह दी गयी है। बता दें कि शिबू सोरेन को सांस लेने में तकलीफ और नींद नहीं आने की समस्या के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उनकी रूटीन जांच की गयी। कुछ घंटों बाद उनकी हालत स्थिर बताई गयी।
राज्यपाल ने मिलकर स्वास्थ्य की ली जानकारी
राज्यपाल रमेश बैस ने रविवार को गुरूजी के आवास जाकर उनसे मुलाकात की। दस दौरान उन्होंने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद थे। तीनों के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई।