रांची। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि झारखंड राज्य अपार संभावनाओं वाला प्रदेश है। इस राज्य में असीम खेल प्रतिभाएं निहित हैं, जिन्हें प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। हमारे युवाओं को प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्हें उत्कृष्टता हासिल करनी होगी। साथ ही संकल्प लें कि वे अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं। राज्यपाल खेलगांव में रविवार को सांसद खेल महोत्सव के समापन सभा को संबोधित कर रहे थे।
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड राज्य वीरों की भूमि है। यहां भगवान बिरसा मुंडा समेत अन्य महान स्वतंत्रता सेनानी हुए। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद आज मेरा दूसरा कार्यक्रम है। पहला कार्यक्रम धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली में हुआ। राधाकृष्णन ने कहा कि इस पावन भूमि ने कई ऐसे खिलाड़ी प्रदान किए हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्र का नाम रोशन किया है।
राज्यपाल ने इस तीन दिवसीय सांसद खेल महोत्सव के आयोजन के लिए संजय सेठ को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं के बीच खेल को आगे बढ़ाने व एक नया अवसर प्रदान करने की दिशा में यह सराहनीय प्रयास है। उन्होंने सांसद खेल महोत्सव में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज्यपाल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस प्रकार की पहल ने खेलों के लिए बेहतर माहौल बनाने का काम किया है। अन्य क्षेत्रों में भी इसका आयोजन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई सुविधाएं हैं। युवा प्रतिभाओं को संवारने के लिए इन सुविधाओं का पूर्ण उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने युवा खिलाड़ियों में निहित प्रतिभा को निखारने के लिए प्रशिक्षण को नितांत आवश्यक बताया। राज्यपाल ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत भी किया।
सांसद संजय सेठ ने कहा कि पूरा देश चाहता है कि ओलंपिक, एशियन, कॉमनवेल्थ सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक तालिका में ऊपर आए और अधिक से अधिक पदक अर्जित करें। इसके लिए ग्रामों/टोलों में कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि तीन दिनों से चलने वाली इस प्रतियोगिता में 5000 खिलाड़ियों ने भाग लिया। उन्होंने राज्यपाल का खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कार्यक्रम में आने के लिए आभार प्रकट किया।