पारंपरिक अंदाज में राहुल का हुआ स्वागत
रांची। दिन-सोमवार। समय-1.52 बजे। राहुल गांधी काले रंग की इनोवा (सीजी 10 बीपी-2800) पर सवार होकर विकास पहुंचते हैं। यहां पहले ही अलर्ट किया जा चुका है कि राहुल गांधी का काफिला आ रहा है। कुछ सेकेंड ही बीते होंगे कि सायरन की आवाज आती है। सभी लोग अलर्ट हो जाते हैं। 12वें नंबर पर काले रंग की इनोवा कार में राहुल गांधी सवार थे। उनके देखते ही लोग राहुल गांधी जिंदाबाद। न्याय योद्धा आया है, अब मिलेगा न्याय…के नारे लगाने लगते हैं। लोगों के उत्साह और गर्मजोशी के साथ स्वागत की तैयारी को देख राहुल की कार का ब्रेक थोड़ी देर के लिए लगता है। देखते ही देखते लोग कार के समीप पहुंच कर उन्हें फूल-माला से लाद देते हैं। इसी बीच एक 55 वर्षीय सुनील प्रमाणिक जो सब्जी बेचते हैं, उनकी भी हसरत राहुल गांधी से हाथ मिलाने की होती है। कारण सोमवार को विकास में बाजार लगा था। वह राहुल की ओर लपकते हैं। भीड़ में जैसे-तैसे कर वह राहुल के करीब पहुंच जाते हैं। उनसे हाथ मिलाते हैं और दिल से दुआ भी देते हैं। राहुल गांधी से हाथ मिलाते वक्त ऐसा लगता है कि मानो उनके अरमानों को पंख लग गया हो। इसके बाद राहुल का काफिला निकल जाता है। उसके कुछ मिनट तक प्रमाणिक वहीं खड़े रहते हैं। उन्हें सहसा यह विश्वास नहीं हो रहा है कि राहुल गांधी से हाथ मिलाया हूं। उनसे अपने दिल की बात कही है। इसके बाद वह अपनी दुकान पर पहुंच जाता है। उसका मन अब भी खुशियों से झूम रहा है। सबसे अपनी सालों पुरानी हसरतें पूरी होने की खुशी बयां कर रहा है। कहता है-कभी सोचा नहीं था कि राहुल गांधी से हाथ मिलाने का मौका मिलेगा। उसकी निगाहें बार-बार अपने हाथ की ओर ही जा रही थीं। उस वक्त उसे अपनी दुकानदारी से ज्यादा राहुल से हाथ मिलाने की खुशी दिखायी दे रही थी। वह कहता है-टीवी पर कई बार देखा था, तब सोचता था कि ये लोग कितने बड़े आदमी होंगे। आज जब कार में आम आदमी की तरह देखा तो लगा नहीं कि वह इतने बड़े आदमी हैं। बड़ी सादगी के साथ हाथ मिलाया। आज ही मेरे लिए होली-दिवाली है। मन में इतनी खुशी मिली है कि समेटे नहीं समेटा जा रहा है। इसके बाद बरियातू में भी कुछ इसी तरह का नजारा देखने को मिला। पार्टी आॅफिस के बाद काफी संख्या में समर्थक फूल-माला लेकर खड़े थे। राहुल का काफिला देख जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। तभी राहुल ने गाड़ी रोकने का इशारा किया। बस फिर क्या था, समर्थकों में स्वागत की होड़ मच गयी। करीब चार मिनट तक काफिला यहां रूका रहा। इसके बाद गंतव्य की निकल पड़ा।
मोहब्बत की लुटायी दुकान, राहुल का जीता दिल
राजधानी के लोगों की बेकरारी उस वक्त खत्म हुई, जब राहुल गांधी की न्याय यात्रा चुटुपालू में प्रवेश कर गयी। इसके बाद पग-पग पर राहुल गांधी का स्वागत पारंपरिक अंदाज में किया गया। राहुल गांधी से हाथ मिलाने और सेल्फी लेने की होड़ मची रही। राहुल गांधी के इंतजार में सड़क किनारे खड़े चाहनेवालों ने मोहब्बत की दुकान लूटा दी। रांचीवासियों ने स्वागत के इस अंदाज से राहुल गांधी का दिल जीत लिया। राहुल गांधी भी कहां पीछे रहनेवाले थे। जहां तक हो सका, सबकी तमन्ना को पूरी करने का प्रयास करते दिखे। हाथ मिलाने और सेल्फी लेनेवालों को निराश नहीं किया।
स्वागत में बनाया गया संसद भवन का रथ
रांची में राहुल गांधी के स्वागत के लिए चौक-चौराहों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और लोगों की भीड़ जुटी रही। सड़क किनारे और डिवाइडर पर होर्डिंग लगी थी। वहीं संसद भवन का रथ भी बनाया गया था। इसमें एक पोस्टर के जरिये अंबेडकर के साथ राहुल गांधी की तस्वीर थी। रथ के ऊपर संसद भवन लिखा था। वहीं नीचे झारखंड प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग लिखा था।
राहुल की झलक पाने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखते बन रहा था। महिलाएं पारंपरिक परिधान में हाथों में फूल की थाली और कांग्रेस का झंडा लेकर राहुल के स्वागत के लिए खड़ी थीं। साथ ही सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गयी थी। शहर में यातायात पुलिस इस बात का जायजा ले रही थी कि जिस रूट से राहुल गांधी की यात्रा निकलेगी, वहां जाम की स्थिति ना बने।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



