चुटिया के अयोध्यापुरी में पूजा पंडाल में महिलाएं गा रही थीं भजन
रांची। चुटिया थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरी रोड नंबर एक में शुक्रवार शाम को अचानक तब गोली चल गयी, जब पूजा पंडाल में आरती के बाद मुहल्ले की महिलाएं भजन गा रही थीं। गोली महिला के हाथ को छूते हुए निकल गयी। अयोध्या पूरी रोड नंबर एक में सरस्वती पूजा आयोजन किया गया था। पूजा पंडाल में आरती के समय भीड़-भाड़ थी, तभी अचानक गोली चली। वहां अयोध्या पूरी रोड नंबर 2 की रहने वाली महिला पूनम देवी (52) भी भजन गा रही थीं। गोली उनके बांया हाथ को छूकर निकल गयी। जख्मी पूनम देवी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। सूचना पाकर चुटिया थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर उमा शंकर दलबल के साथ पहुंचकर छानबीन की। गोली किसने चलायी, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। महिला के बयान पर चुटिया थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को घटना स्थल से एक गोली मिली है। चुटिया थाना प्रभारी उमा शंकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।