इम्फाल। मणिपुर में भारत-म्यांमार सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बल व्यापक अभियान चला रहे हैं। इस अभियान के दौरान चुराचांदपुर जिले के चुराचांदपुर थाना क्षेत्र के सांगपी और पियर्सनमुम गांवों तथा चुराचांदपुर वन क्षेत्र से भारी मात्रा में हथियार और सुरक्षा उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि बरामद सामग्री में एक एक्स-कैलिबर बंदूक, एक एक्स-कैलिबर के साथ एक खाली मैगजीन, एक देशी मोर्टार (पंपी), चार छोटे आकार के मोर्टार राउंड, एक मध्यम आकार का मोर्टार राउंड, दो वायरलेस सेट (बाओफेंग निर्मित), दो बुलेटप्रूफ प्लेट, आठ चेस्ट पोस्ट/वेस्ट, एक टैक्टिकल हेलमेट और पांच राउंड 5.56 मिमी गोला-बारूद शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने लूटे गए या अवैध हथियारों के सरेंडर करने की समयसीमा एक सप्ताह बढ़ा दी है, लेकिन कूकी बहुल इलाकों से हथियाराें काे सरेंडर नहीं किया जा रहा है। इसी बीच शुक्रवार काे इंफाल ईस्ट में एक मंदिर पर गोलीबारी की घटना से फिर तनाव बढ़ गया है, लेकिन सुरक्षा बलों का अभियान जारी है।

केसीपी (पी) के सक्रिय सदस्य गिरफ्तार
एक अन्य अभियान के तहत मणिपुर पुलिस ने लामसांग क्षेत्र से केसीपी (पीडब्ल्यूजी) संगठन के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। इस पर आम जनता से जबरन वसूली का आराेप है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मयांगलंबम प्रेमकुमार सिंह (27) उर्फ मनाओ, निवासी काचिखुल मामंग लाइकाई, इम्फाल वेस्ट जिला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन, एक ब्राउन वॉलेट, जिसमें 240 रुपये नकद, आधार कार्ड और एक दोपहिया वाहन जब्त किया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version