नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में सोमवार के शुरुआती कारोबार के दौरान तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला। बाजार ने कमजोरी के साथ खुलने के बाद खरीदारों के समर्थन से हरे निशान में रिकवरी की, लेकिन सुबह 10 बजे के बाद फिर बिकवाली का दबाव बनने लगा। पहले घंटे का कारोबार समाप्त होने तक सेंसेक्स और निफ्टी सपाट स्तर पर कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स 167.26 अंक की कमजोरी के साथ 80,555.68 अंक के स्तर पर खुला। बाजार खुलते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सुबह 10 बजे तक यह सूचकांक ओपनिंग से 655 अंक से अधिक उछलकर 81,211.31 अंक तक पहुंच गया। लेकिन इसके बाद मुनाफावसूली शुरू हो गई और सूचकांक फिसलकर 10:15 बजे तक 116.10 अंक की मामूली बढ़त के साथ 80,839.04 अंक पर पहुंच गया। वहीं एनएसई का निफ्टी 28.95 अंक टूटकर 24,796.50 अंक से शुरू हुआ और 10 बजे तक 150 अंक उछलकर 24,942.95 अंक तक गया, लेकिन बाद में 2.75 अंक की सांकेतिक तेजी के साथ 24,828.20 अंक पर कारोबार करने लगा।
बाजार में मिले-जुले रुख के बीच बड़े शेयरों में मिलाजुला प्रदर्शन देखने को मिला। अदानी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स, लार्सन एंड टूब्रो और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर 2.36 प्रतिशत से लेकर 1.71 प्रतिशत तक मजबूत रहे। वहीं श्रीराम फाइनेंस 3.40 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर, बजाज ऑटो, ओएनजीसी और सिप्ला के शेयर 1.76 प्रतिशत से लेकर 3.40 प्रतिशत तक टूटे।
बाजार की चौड़ाई पर नजर डालें तो 2,697 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी, जिनमें से 898 शेयर हरे निशान में थे जबकि 1,799 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 हरे और 13 लाल निशान में थे, जबकि निफ्टी के 50 शेयरों में से 22 बढ़त और 28 गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। इससे पहले रविवार को सेंसेक्स 1,546.84 अंक और निफ्टी 495.20 अंक टूटकर बंद हुआ था।
Share.

Comments are closed.

Exit mobile version