जामताड़ा। जामताड़ा नगर पंचायत चुनाव में अब राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रीना कुमारी और उनके भाई वीरेंद्र मंडल पर सरकार और प्रशासन को बदनाम करने का आरोप लगाया। पार्टी नेताओं ने कहा कि विपक्ष अपने घटते जनाधार से घबराकर भ्रामक बयानबाजी का सहारा ले रहा है।

जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने कहा कि जिला प्रशासन चुनाव को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में जुटा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी प्रत्याशी लोकप्रियता से घबराकर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं और जनता को दिग्भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं जिला सचिव परेश चंद्र महतो ने प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि चुनाव के लिए भयमुक्त वातावरण तैयार किया गया है और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष रूप से आगे बढ़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव कराना पूरी तरह से चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है, राज्य सरकार की इसमें कोई सीधी भूमिका नहीं होती।

प्रेस वार्ता में मौजूद झामुमो समर्थित प्रत्याशी, पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णु प्रसाद भैया की पत्नी चमेली देवी ने कहा कि चुनाव में जीत और हार का फैसला जनता करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित प्रत्याशी हार की आशंका से प्रशासन और सरकार पर निराधार आरोप लगा रहे हैं। इस दौरान चमेली देवी ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया, जिसमें शहर के विकास के लिए प्रस्तावित योजनाओं और भविष्य की रूपरेखा की जानकारी दी गई।

वहीं दूसरी ओर चमेली देवी के नेतृत्व में शहर में विशाल रैली निकाली गई। यह रैली दुमका रोड स्थित इंदिरा चौक से शुरू होकर मुख्य बाजार, टावर चौक, सुभाष चौक और स्टेशन चौक होते हुए निकली। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक ‘जिंदाबाद’ के नारे लगाते नजर आए। रैली को संबोधित करते हुए चमेली देवी ने कहा, “जामताड़ा नगर पंचायत में कठपुतली राज का अंत किया जाएगा और जनता का राज स्थापित किया जाएगा। पिछले 15 साल से जो विकास रुका हुआ है, उसे अब गति दी जाएगी।” उन्होंने जनता से अपील की कि विकास के मुद्दे पर वोट करें और बदलाव का हिस्सा बनें।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version