रांची। राजधानी के लोक भवन परिसर स्थित उद्यान को आम नागरिकों के लिए खोल दिया गया है। राज्यपाल के निर्देश पर यह उद्यान 2 फरवरी से 8 फरवरी तक सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक जन भ्रमण के लिए खुला रहेगा। उद्घाटन दिवस पर ही बड़ी संख्या में लोगों ने इसकी सैर की और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। प्रशासन के अनुसार पहले दिन कुल 2559 नागरिकों ने उद्यान का भ्रमण किया।
प्रवेश गेट नंबर-2 से ही दिया जा रहा है, जहां सख्त सुरक्षा जांच के बाद ही लोगों को अंदर जाने की अनुमति मिल रही है। प्रवेश का समय दोपहर 1 बजे तक सीमित रखा गया है, ताकि सभी भ्रमण करने वाले सुबह 10 से दोपहर 3 बजे के समय सीमा में ही परिसर से बाहर निकल सकें।
राज्यपाल ने इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुखद प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध कराना बताया है। उन्होंने अधिकारियों को आगंतुकों की सुविधा और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। शहरवासियों ने इस निर्णय का स्वागत किया है और बड़ी संख्या में परिवार, बुजुर्ग व बच्चे उद्यान की हरियाली और फूलों का आनंद लेते देखे गए। यह पहल राजधानी के निवासियों को एक गुणवत्तापूर्ण मनोरंजन स्थल प्रदान कर रही है।



