रांची। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में की जा रही राजनीति पर गहरी पीड़ा व्यक्त की है। उन्होंने राजनीतिक दलों के नेताओं से जनहित से जुड़े विषयों को राजनीति से ऊपर रखने की अपील की है। बुधवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में स्वास्थ्य मंत्री ने विपक्ष सहित सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि राजेंद्र चिकित्सा विज्ञान संस्थान-टू (रिम्स-2) के निर्माण में सहयोग करें, जिससे कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि रांची स्थित राजेंद्र चिकित्सा विज्ञान संस्थान (रिम्स) में शासी निकाय की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य की सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार लाने और भविष्य की चुनौतियों के लिए ठोस रणनीति तैयार करना था।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बैठक के दौरान इस बात पर गंभीर मंथन किया गया कि रिम्स में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में रोगी प्रवाह प्रबंधन (पेशेंट फ्लो मैनेजमेंट) को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता है, ताकि किसी भी मरीज को इलाज के दौरान असुविधा का सामना न करना पड़े। मंत्री ने कहा कि आज राज्य की जनता का भरोसा सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर बढ़ा है और यही कारण है कि इतिहास में पहली बार रिम्स में हजारों की संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा, “मेरा स्पष्ट उद्देश्य हमेशा यही रहा है कि हर मरीज को बेहतर इलाज मिले और वह स्वस्थ होकर अपने घर लौटे। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए नई तकनीकों को अपनाया जा रहा है, डॉक्टरों की बहाली की जा रही है, पैथोलॉजी लैब को सशक्त किया जा रहा है। साथ ही मैनपावर, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की सुविधाओं और आवश्यकताओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है, ताकि मरीजों को आधुनिक, सुलभ और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।”
रिम्स-2 के निर्माण को लेकर उठ रहे राजनीतिक सवालों पर मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनका न कोई निजी स्वार्थ है, न किसी की जमीन पर नजर और न ही कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा। उन्होंने कहा, “मैं विपक्ष के सभी नेताओं से विनम्र आग्रह करता हूं कि रिम्स-2 के निर्माण में मुझे सहयोग करने दें। मेरी केवल एक ही मंशा है कि स्वास्थ्य सेवाओं में पैसों की कमी कभी बाधा न बने।”
मंत्री ने भावुक अपील करते हुए कहा कि वर्तमान में राज्य के कई मरीज गंभीर इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाने को मजबूर हैं। वहां उन्हें भारी रकम खर्च करनी पड़ती है और कई बार इलाज के बावजूद जान नहीं बच पाती। उन्होंने कहा कि कभी-कभी तो परिजनों को अपने प्रियजनों का अंतिम संस्कार भी दूसरे राज्यों में करना पड़ता है, जो बेहद पीड़ादायक और चिंताजनक स्थिति है।
उन्होंने कहा, “मैं आप सभी से हाथ जोड़कर निवेदन करता हूं कि रिम्स-2 के निर्माण में सहयोग करें, ताकि हम लाखों लोगों की जान बचा सकें और राज्य की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा सकें।” अंत में स्वास्थ्य मंत्री ने एक बार फिर सभी नेताओं से अपील की कि स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील और मानवीय विषय को राजनीति से ऊपर रखें और जनता की जान बचाने के इस प्रयास में एकजुट होकर साथ दें।

