रांची। झारखंड प्रदेश में हो रहे निकाय चुनाव की सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। इस दौरान प्रमुख राजनीतिक दलों द्वारा प्रत्याशियों को समर्थन देने का सिलसिला भी जारी है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रमुख महासचिव मुस्तफा अंसारी ने रविवार को वार्ड नं 8 की पार्षद प्रत्याशी रेखा कुमारी को समर्थन देने की घोषणा की।
इस अवसर पर उन्होंने प्रत्याशी को बुके और शॉल देकर सम्मानित किया तथा जीत के लिए शुभकामनाएं दीं। मुस्तफा अंसारी ने कहा कि पार्टी ने निर्णय लिया है कि स्थानीय निकाय चुनाव में समाज के प्रति समर्पित और जनसेवा करने वाले लोगों को समर्थन दिया जाएगा। इसी क्रम में वार्ड नं 8 से पार्षद प्रत्याशी रेखा कुमारी, जिसका चुनाव चिह्न ब्लैकबोर्ड है, को समर्थन देने का फैसला लिया गया है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जीत के बाद रेखा कुमारी नि:स्वार्थ भाव से जनता और समाज के हित में कार्य करेंगी। इस मौके पर हेमंत वर्मा, तौहीद आलम, राजद के सचिव मनोज अग्रवाल, राजद के वरिष्ठ नेता संतोष प्रसाद, प्रकाश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

