अंकारा। तुर्किये की संसद बुधवार को उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गई, जब नए न्यायमंत्री की नियुक्ति को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसद आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि संसद के भीतर ही सदस्यों के बीच जमकर मारपीट हुई और एक-दूसरे पर घूंसों से प्रहार किए गए। इस घटना के वीडियो और खबरें अंतरराष्ट्रीय मीडिया में सुर्खियां बटोर रही हैं।
विवादित चेहरे पर मचा बवाल जानकारी के अनुसार, मंत्रिमंडल में हुए फेरबदल के दौरान इस्तांबुल के चीफ प्रॉसिक्यूटर अकिन गुरलेक को नया न्यायमंत्री नियुक्त किया गया है। विपक्षी दल गुरलेक की नियुक्ति का कड़ा विरोध कर रहे थे। जैसे ही वे शपथ लेने के लिए आगे बढ़े, विपक्षी सदस्यों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। देखते ही देखते सदन में धक्का-मुक्की शुरू हो गई और सांसद एक-दूसरे पर मुक्के बरसाने लगे। भारी हंगामे और कड़ी सुरक्षा के बीच आखिरकार अकिन गुरलेक ने पद की शपथ ली।
महत्वपूर्ण समय में फेरबदल गुरलेक के अलावा एरज़ुरम के गवर्नर मुस्तफा सिफ्त्सी को भी आंतरिक मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। सरकार ने इस अचानक हुए फेरबदल का कोई आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब तुर्किये में संवैधानिक सुधारों पर चर्चा चल रही है और कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी के साथ शांति बहाली की कोशिशें जारी हैं। इस हिंसक झड़प ने तुर्किये की आंतरिक राजनीति के तनाव को वैश्विक स्तर पर उजागर कर दिया है।



