हजारीबाग। हजारीबाग नगर निगम के 36 वार्डों के चुनाव परिणाम घोषित होने के साथ ही शहर की नई राजनीतिक तस्वीर सामने आ गई है। इस बार कुल 17 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित थे, जिससे बड़ी संख्या में महिला प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर अपनी भागीदारी मजबूत की। कई वार्डों में मुकाबला बेहद कांटे का रहा, जबकि कुछ सीटों पर भारी मतों से जीत दर्ज की गई।
वार्ड संख्या एक से साजिदा खातून ने 1274 वोट पाकर 298 मतों से जीत हासिल की। वार्ड दो में निखत यास्मीन ने 128 वोटों के अंतर से विजय पाई। वार्ड तीन से विजय प्रसाद 474 मतों से विजयी रहे, जबकि वार्ड पांच से रेखा सिंह ने 581 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। वार्ड आठ में सबसे रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जहां अनिता गुप्ता ने मात्र 8 वोटों से जीत हासिल की।
वार्ड 13 से विकास यादव और वार्ड 36 से अविनाश कुमार यादव निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। वार्ड 20 में पमिता सिन्हा ने 814 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। वार्ड 28 से दीप रंजन ने 1110 वोटों के विशाल अंतर से जीत हासिल कर सबसे बड़ी जीत दर्ज की। वहीं वार्ड 23 में मुकाबला कड़ा रहा, जहां दीपक कुमार सिंह ने 54 वोटों से जीत पाई।
कुल मिलाकर इस चुनाव में महिला प्रत्याशियों की मजबूत भागीदारी और कई वार्डों में करीबी टक्कर चर्चा का विषय रही। अब सभी निर्वाचित पार्षदों पर शहर के विकास, सफाई, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी होगी।

