नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में अवैध बूचड़खानों के खिलाफ चल रही ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद अब पूर्वी दिल्ली नगर निगम भी सक्रिय हो गया है। पूर्वी दिल्ली निगम क्षेत्र के कई इलाके उत्तर प्रदेश से जुड़े हैं, लिहाजा इस वजह से यूपी में अवैध बूचड़खानों के बंद होने से वहां के कारोबारियों के दिल्ली में सक्रिय होने की आशंका है, जिसके चलते यह कार्रवाई शुरू की गई है।
बृहस्पतिवार को नगर निगम शाहदरा उत्तरी जोन के ब्रह्मपुरी गली नंबर 20 व 22 में छापेमारी की गई। यहां पर सात जगहों पर अवैध बूचड़खाने चल रहे थे। निगम के वेटनरी विभाग के दस्ते ने सातों अवैध बूचड़खानों को सील कर दिया।
इसके साथ ही स्थानीय थाने में भी इसकी सूचना दे दी गई है।
निगम अधिकारियों ने इस मामले में स्थानीय पुलिस से लेकर लोगों से भी सहयोग मांगा है कि जहां कहीं भी अवैध बूचड़खाने चल रहे हों, इसकी सूचना निगम के कंट्रोल रूम में दें। निगम अधिकारियों के अनुसार अवैध रूप से चलने वाले मांस गोदामों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
निगम के वेटनरी विभाग के अधिकारियों ने अवैध रूप से मांस का कारोबार करने वालों को चेतावनी दी है कि वह अपनी दुकानें बंद कर लें ऐसा नहीं करने पर उनकी दुकानें तो सील होंगी ही साथ ही उनके खिलाफ थाने में मामला भी दर्ज करवाया जाएगा। दुकानदारों से यह भी अपील की गई है कि वह निगम में मांस बिक्री के लिए लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकते हैं लेकिन किसी भी दुकान पर पशुओं को काटने की अनुमति नहीं है।