आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड में चार लोकसभा सीटों को लेकर झामुमो अप्रैल के प्रथम सप्ताह में प्रत्याशियों की घोषणा कर सकता है। वहीं कांग्रेस भी दो अप्रैल के बाद प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकती है। फिलहाल झामुमो के शीर्ष नेता ओड़िशा की मयूरभंज सीट एवं बंगाल में पार्टी की स्थिति को लेकर मंथन कर रहे हैं। झामुमो महागठबंधन के तहत ओड़िशा के मयूरभंज में चुनाव लड़ रहा है। यहां पर झारखंड से पहले चुनाव होना है। इसलिए झामुमो फिलहाल इसे लेकर फोकस कर रहा है। मयूरभंज में नामांकन की प्रक्रिया दो अप्रैल से शुरू होनी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार इन सीटों पर निर्णय लेने के बाद पार्टी झारखंड के संबंध में विचार करेगी।
झारखंड में झामुमो दुमका, राजमहल, गिरिडीह एवं जमशेदपुर सीट पर चुनाव लड़ रहा है। गिरिडीह एवं जमशेदपुर में 12 मई और दुमका तथा राजमहल में 19 मई को चुनाव होना है। इन जगहों पर 16 एवं 19 अप्रैल से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। ऐसे में पार्टी के पास निर्णय लेने को लेकर पर्याप्त समय है। दुमका में पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन का चुनाव लड़ना तय है।
वहीं राजमहल में विजय हांसदा, लोबिन हेंब्रम, गिरिडीह में जगन्नाथ महतो, मथुरा महतो, जय प्रकाश भाई पटेल एवं जमशेदपुर में कुणाल षाड़ंगी, आस्तिक महतो और अन्य के चुनाव लड़ने की चर्चा है।
कांग्रेस के प्रत्याशी की सूची दिल्ली से होगी जारी
कांग्रेस दो अप्रैल तक सात सीटों पर प्रत्याशी की घोषणा कर सकती है। दिल्ली में कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में चर्चा के बाद प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की जायेगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार जल्द ही बैठक होगी, जिसमें प्रत्याशियों के नाम तय किये जायेंगे। इस बैठक में झारखंड से प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार एवं कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, झारखंड में प्रभारी आरपीएन सिंह, सह प्रभारी उमंग सिंघार भी मौजूद रहेंगे।
झामुमो और कांग्रेस के प्रत्याशियों की घोषणा दो अप्रैल के बाद
Previous Articleमुरादाबाद से होगा गठबंधन की पराजय का शंखनाद : अमित शाह
Next Article रांची, कोडरमा और चतरा को लेकर भाजपा में माथापच्ची
Related Posts
Add A Comment