एजेंसी
मुरादाबाद। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को मुरादाबाद में विजय संकल्प रैली के दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा पश्चिम का चुनाव प्रचार मुरादाबाद से शुरू हो रहा है और बीजेपी ने संकल्प किया है कि गठबंधन की पराजय का शंखनाद मुरादाबाद से ही होगा। शाह बोले, मैं गठबंधन से पूछना चाहता हूं कि आपका प्रत्याशी कौन है। हमारा तो तय है। दूसरी ओर ना नेता है, ना नीति है, न सिद्धांत है। केवल स्वार्थ के गठबंधन हैं। आगे जोड़ते हुए शाह ने कहा 15 साल से उत्तर प्रदेश में पुलिस गुंडों से डरती थी। अब पुलिस से गुंडे डरते हैं। करोड़ों रुपये की जमीन भू माफियाओं से मुक्त करायी गयी। भाजपा की सरकार में किसी की हिम्मत नहीं कि दंगे करे या जनता को परेशान करे। नेतृत्वहीन गठबंधन देश का विकास नहीं कर सकता। 10 साल तक आलय, माल्या, जमालिया किसी के भी घर घुस जाते थे। मोदी जी के आने के बाद आतंकवाद खत्म किया। आतंकवादियों ने हमला किया। सोचा मौनी बाबा की सरकार है।
जवानों का खून बहेगा तो कांग्रेस पाकिस्तान के साथ खड़ी हो जायेगी : स्मृति
एजेंसी
भदोही। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए भाजपा की ओर से शुरू विजय संकल्प सभा के तहत केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भदोही पहुंचीं और भाजपा के लिए चुनावी प्रचार का शंखनाद किया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का ही असर है कि जो लोग राम का नाम लेने से कतराते थे, वह आज मंदिर-मंदिर घूम रहे हैं। वही लोग आज रामभक्त बन गये हैं। जनेऊ धारण कर के घूम रहे हैं। स्मृति ईरानी ने प्रियंका गांधी का नाम लिये बिना कहा कि जो लोग गंगा की तरफ कभी देखने नहीं आये, आज गंगा मां का सहारा लेकर वोट मांग रहे हैं। स्मृति ने कहा कि किसी ने सोचा नहीं था कि कांग्रेस इतनी एक दिन शहीदों की शहादत को अपमानित करेगी। आज मैं कांग्रेस और महामिलावट के लोगों से कहना चाहती हूं कि धिक्कार है ऐसी राजनीति पर, जो देश का अपमान करे और दुश्मन का साथ दे। स्मृति ईरानी ने कहा कि हमारे जवानों का खून बहेगा और कांग्रेस पाकिस्तान के साथ खड़ी हो जायेगी। राहुल गांधी के गुरु सैम पित्रोदा कहेंगे कि हिंदुस्तान में तो ऐसी घटनाओं में लोग मरते रहते हैं, लेकिन पाकिस्तान को दोष नहीं देना चाहिए। स्मृति ईरानी ने कहा कि भाजपा जनता का विकास चाहती है। जनता ने मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया है।
भाजपा की उपलब्धियां गिनाते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि भदोही जनपद में 1.75 लाख लाभार्थियों को राशन कार्ड बनवाकर खाद्य पदार्थ की सुविधा देने का भाग्य भाजपा को मिला। साथ ही 38 हजार लोगों को वृद्धावस्था पेंशन समेत तमाम योजनाओं का लाभ सिर्फ भाजपा ने दिया।