जमशेदपुर। झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन ने जमशेदपुर, पश्चिम सिंहभूम और खूंटी लोस सीट पर दावा किया है। कहा है कि कांग्रेस-झामुमो और अन्य दलों के साथ अब तक महागठबंधन नहीं हुआ है। जब तक महागठबंधन की घोषणा नहीं हो जाती है, अभी कौन दल कहां से लोकसभा चुनाव लड़ेगा, नहीं बोल पायेंगे। पहले महागठबंधन में शामिल दलों के एक साथ चुनाव लड़ने की घोषणा हो। सर्किट हाउस में पत्रकारों से उन्होंने कहा कि झामुमो चाहता है कि महागठबंधन झारखंड में बने। सभी 14 सीटों पर भाजपा को हराने के लिए एक मजबूत गठबंधन होने से विपक्षी दलों को 14 सीटों पर जीत मिल जायेगी।

उन्होंने कहा कि इसके लिए बड़े दल को बड़ा दिल दिखाना पड़ेगा। वैसे हो सकता है कि महागठबंधन की घोषणा दो से तीन दिनों में हो जाये। शिबू सोरेन ने कहा कि कांग्रेस जमशेदपुर संसदीय सीट से वर्षों से चुनाव नहीं जीत सकी है। झामुमो ने तो 1989, 1991, 2004 और 2007 उप चुनाव में भाजपा को परास्त किया है। ऐसे में झामुमो के खाते में सीट मिलनी ही चाहिए, तभी गठबंधन की जीत होगी।

सेना के नाम पर राजनीति कर रही है भाजपा
शिबू सोरेन ने कहा कि पाकिस्तान में एयर स्ट्राइक कर सेना ने पराक्रम दिखाया है। पूरा देश सेना के साथ खड़ा है। मगर जिस प्रकार एयर स्ट्राइक का श्रेय खुद लेने के लिए भाजपा आगे बढ़ कर उल जुलूस बातें कह रही है, यह सेना और देश के लिए सही नहीं है। जनता के सामने मुद्दों को भटकाने का काम नहीं होना चाहिए। सभी देशवासी चाहते हैं कि आतंकवाद का सफाया हो। इस पर राजनीति करना जायजा नहीं है। झामुमो विधायक चंपई सोरेन और कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि शहीदों का अपमान करना भाजपा की पुरानी आदत है। सिर्फ राजनीति शहीदों को लेकर करने का काम भाजपा सरकार करती है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version