धनबाद। पुटकी थाना क्षेत्र के मुनीडीह ओपी में सोमवार को तालाब में नहाने गए दो छात्रों की डूबने से मौत हो गर्यी। दोनों छात्रों के परिजनों ने घटना को लेकर किसी पर संदेह नहीं जताते हुए पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार किया है। दोनों छात्र दोस्त थे और सुबह करीब नौ बजे से घर से गायब थे। करीब 11 बजे घरवालों ने खोजबीन शुरू की तो दोनों के कपड़े तालाब किनारे मिले, जिसके बाद दोनों को बाहर निकालकर मुनीडीह अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने छात्रों को मृत घोषित कर दिया।

एक सातवीं जबकि दूसरा छठी का था छात्र: मृत छात्रों की पहचान 12 वर्षीय दीपक कुमार सिंह और 13 वर्षीय सोनू पासवान के रूप में हुई है। दीपक बालूडीह स्थित पब्लिक स्कूल में सातवीं का जबकि सोनू मुनीडीह डीएवी स्कूल में छठी का छात्र था। दीपक के पिता रुबन सिंह पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं और वे पंजाब में रहते हैं। दीपक यहां अपने चाचा के साथ किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करता था। वहीं, सोनू के पिता सिकंदर पासवान बीसीसीएल मुनीडीह में कार्यरत हैं।

बालूडीह कॉलोनी में रहनेवाले मृत छात्रों के परिजनों ने बताया कि महाशिवरात्रि को लेकर स्कूल में छुट्टी थी। इसलिए दोनों स्कूल नहीं गए थे। सुबह करीब नौ बजे से दोनों अपने-अपने घरों से गायब थे। करीब दो घंटे बाद खाना खाने के लिए सोनू के परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इस दौरान वे दीपक के घर भी गए जहां पता चला कि वो भी घर पर नहीं है। इसके बाद दोनों के परिजनों ने आसपास खोजबीन की लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। इसी बीच किसी ने बालूडीह कॉलोनी और बरडुभी के बीच स्थित कंठीलाल सिंह तालाब के पास दोनों का कपड़ा देखा। इसके बाद पांच-छह लोग तालाब में उतरे और दोनों को करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
तालाब से निकालने के बाद दोनों छात्रों को मुनीडीह अस्पताल ले जाया गया जहां एमके झा और ए घोष ने छात्रों को मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस के सामने मृतक के परिजनों ने घटना को लेकर किसी पर संदेह नहीं जताया और बच्चों के पोस्टमॉर्टम न कराने की बात कही। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version