रांची। आजसू पार्टी गिरिडीह लोकसभा चुनाव में पूरी मजबूती के साथ उतरेगी। इसे लेकर पार्टी की संसदीय बोर्ड की बैठक 23 मार्च को होगी। बैठक के बाद उसी दिन गिरिडीह से उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी जायेगी। इससे पहले 16 मार्च को पार्टी की प्रचार समिति की बैठक रांची में होगी। ये निर्णय गुरुवार को गिरिडीह लोकसभा को लेकर पार्टी की बूथ स्तरीय बैठक में लिये गये।
बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने की। बैठक में मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी, विधायक रामचंद्र सहिस, विधायक राजकिशोर महतो, पूर्व मंत्री उमाकांत रजक, मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, महासचिव डॉ लंबोदर महतो, केंद्रीय महासचिव संतोष महतो, धनबाद जिला अध्यक्ष मंटू महतो, गिरिडीह जिला अध्यक्ष गुड्डू यादव, क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य, प्रमुख प्रखंड अध्यक्ष सहित सभी प्रभारी मुख्य रूप उपस्थित थे।
प्रत्येक बूथ समिति में 25-25 कार्यकर्ता
बैठक में गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र से आये पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रदेश कमेटी के निर्देश पर सभी बूथ स्तरीय समिति का गठन कर लिया गया है। प्रत्येक समिति में 25-25 कार्यकर्ताओं को जोड़ा गया है। ये कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ क्षेत्र के मतदाताओं से मिल रहे हैं और पार्टी के उद्देश्यों और नीतियों की जानकारी दे रहे हैं।