श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पुंछ में रविवार को पाकिस्तान की ओर से की गयी भारी गोलाबारी में एक जवान शहीद हरि वाकर हो गया। इस बीच पाकिस्तान ने राजौरी के नौशहरा सेक्टर में भी फायरिंग की। भारतीय सेना भी पाकिस्तानी सेना का कड़ा जवाब दे रही है। क्षेत्र में दहशत है। सेना का जवान हरि वाकर, राजस्थान का निवासी था। वह शनिवार की रात पुंछ सेक्टर में पाकिस्तान द्वारा किये गये संघर्षविराम उल्लंघन में गंभीर रूप से घायल हो गये था। उसे सेना के अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
पाक सेना ने शनिवार को भी पुंछ के शाहपुर केरनी सेक्टर में गोलाबारी की थी। भारतीय सेना ने भी पाक सेना को मुंहतोड़ जवाब दिया। इसके बाद पाक सेना ने गोलाबारी बंद कर दी। पाकिस्तान पिछले कई दिनों से नियंत्रण रेखा पर अखनूर से राजौरी-पुंछ तक गोलाबारी कर रहा है। वीरवार और शुक्रवार को पाक गोलाबारी में भारतीय सेना का एक जवान शहीद और तीन घायल हो गये थे।
लोगों में दहशत का महौल
भारत ने भी जवाबी कार्रवाई कर पाकिस्तानी सेना के दो अधिकारियों समेत 12 सैनिकों को मार गिराया था। बावजूद इसके पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। शनिवार शाम को पुंछ के शाहपुर केरनी सेक्टर में फिर गोले दागने शुरू कर दिए। पाक सेना ने भारतीय चौकियों को निशाना बनाने के साथ रिहायशी क्षेत्रों पर भी गोलाबारी की। भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की। पाक गोलाबारी से सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।