रांची। झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि पार्टी झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल, उड़ीसा और बिहार में भी लोकसभा चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि होली के बाद 24 मार्च तक इसकी घोषणा हो जायेगी कि पार्टी कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगी। झारखंड में हम महागठबंधन के तहत राज्य की सभी 14 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। 24 मार्च के बाद उम्मीदवारों की घोषणा की जायेगी। उक्त बातें हेमंत सोरेन ने पत्रकारों से सोमवार को झामुमो की केंद्रीय कार्यकारिणी समिति की विस्तारित बैठक के बाद कही।
उन्होंने कहा कि झामुमो के लंबे संघर्ष के बाद अलग राज्य मिला, लेकिन एनडीए के कुशासन, झारखंड विरोधी नीति को लेकर पार्टी ने त्याग किया है। राज्य सरकार की झारखंड विरोधी नीतियों के खिलाफ हमारा आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बैठक में विभिन्न राज्यों के पार्टी नेताओं के साथ कई बिंदुओं पर विचार विमर्श हुआ। लोकसभा चुनाव में भाजपा और उनके सहयोगी दलों को परास्त करने और महागठबंधन की जीत सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। बिहार और पश्चिम बंगाल में हम संगठन के क्षमता के अनुरूप प्रत्याशी उतारेंगे। इसके लिए पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन को अधिकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि हम बिहार में महागठबंधन का हिस्सा नहीं हैं। एक षडयंत्र के तहत चुनाव आयोग ने पार्टी को अमान्य कर दिया। हम वहां कैसे चुनाव लड़ेंगे, इसके लिए पार्टी अध्यक्ष निर्णय लेंगे।
जयंत सिन्हा के चुनाव लड़ने पर रोक लगाने की मांग
सोरेन ने चुनाव आयोग से केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत सिन्हा के चुनाव लड़ने पर रोक लगाने की मांग की है। सोरेन ने कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि सिन्हा ने मॉडल कोड आॅफ कंडक्ट का उल्लंघन किया है, यह आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री ने राजधानी के इंडियन इंस्टिट्यूट आफ मैनेजमेंट के एक कार्यक्रम में वोट मांगे हैं। जो एक प्रकार से आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग से गुजारिश होगी तो वह इस तरह की घटनाओं पर नजर रखें साथ ही पक्षपात जैसी घटनाओं पर भी नजर रखें। उन्होंने कहा कि ऐसी जानकारी आ रही है कि सरकार के प्रभाव में आकर कुछ अधिकारी कहीं-कहीं पक्षपात कर रहे हैं, जो सही नहीं है।