गिरिडीह। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कहा कि राष्ट्रीय गठबंधन के साथ प्रदेश में उन्हें इस बार के लोकसभा चुनाव में गिरिडीह से प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। गिरिडीह में नया वातावरण देने का काम आजसू पार्टी करेगी। पार्टी परचम लहरायेगी और एनडीए को मजबूत करेगी। बनियाडीह के फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित पार्टी के मिलन समारोह में उन्होंने कहा कि जो दायित्व पार्टी को मिला है, इसका निर्वहण वह बखूबी करेगी। जब वह सरकार में मंत्री थे, तो उन्होंने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण की बजाये 50 प्रतिशत आरक्षण दिलाने का काम किया। पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि देश कौन चलायेगा, इसका फैसला जनता करेगी। आजसू जनता के दोहरा विश्वास देने का काम करेगी। देश में मजबूत नेतृत्व आये, इसके लिए हमलोग काम करेंगे।
जनता को इस बार फूल की जगह फल मिला है
सुदेश ने कहा कि एनडीए का जो चुनाव घोषणा पत्र होगा, उसके अलावा क्षेत्रीय स्तर पर आजसू पार्टी अपना घोषणा पत्र जारी करेगी, जिसमें जनता के अरमानों को रखा जायेगा। आजसू पार्टी ने झारखंड के स्वाभिमान को कभी झुकने नहीं दिया है। जो झारखंड के हित की बात करता है, उसके साथ आजसू कदम से कदम मिलाकर चलती है। प्रदेश के निर्माण में भाजपा की अहम भूमिका रही है, इससे कोई इनकार नहीं कर सकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि इस बार उन्हें फूल की जगह फल मिला है, इसलिए अपना बहुमूल्य वोट आजसू पार्टी को दें और यहां से सांसद बनाकर दिल्ली भेंजेंं।
वोट के सौदागरों से हो जायें सावधान : चंद्रप्रकाश
जल संसाधन एवं पेयजल स्वच्छता मंत्री सह केंद्रीय उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चैधरी ने कहा कि लोकतंत्र का बड़ा त्योहार नजदीक है। आपके एक मतदान से झारखंड ही नहीं, पूरे देश का भविष्य तय होगा। देश कैसे मजबूत होगा, यह जनता को तय करना है। आजसू पार्टी ने भाजपा के साथ गठबंधन किया है। उन्हें जनता एक बार मौका देती है, तो वह गिरिडीह संसदीय क्षेत्र की तसवीर बदल देंगे। कहा कि झामुमो के चरित्र को जनता जान गयी है। जल-जंगल-जमीन की बात करने वाले झामुमो ने राज्य के साथ सौदाबाजी करने का काम किया है। कार्यक्रम को गिरिडीह लोस प्रभारी लंबोदर महतो ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति : कार्यक्रम में डॉ यूसी मेहता, काशीनाथ सिंह, छक्कन महतो, प्रदीप तिवारी, डुमरी प्रमुख यशोदा देवी, कार्यसमिति सदस्य अधिवक्ता दिनेश राणा, जिलाध्यक्ष गुड्डू यादव, केंद्रीय प्रवक्ता देवशरण भगत, पूर्व मंत्री उमाकांत रजक, बैजनाथ महतो, संजय साहू, पूर्व मुखिया मनोज शर्मा, प्यारी गोप, रॉकी समेत समेत अन्य मौजूद थे।