रांची। भाजपा ने झारखंड में अपने चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत रविवार को विजय संकल्प सभा के रूप में कर दी। हजारीबाग, जमशेदपुर और चाईबासा में आयोजित कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं से एक बार फिर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की अपील की गयी। हजारीबाग में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव, चाईबासा में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और प्रदेश अध्यक्ष लक्षमण गिलुआ और जमशेदपुर में केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने विजय संकल्प सभाओं को संबोधित किया। सभाओं में संकल्प लिया गया कि भाजपा की जीत सुनिश्चित कराने में किसी भी तरह की कसर नहीं छोड़ी जायेगी।
भूपेंद्र ने सेना के शौर्य का प्रमाण मांगने पर विपक्ष को घेरा
हजारीबाग। हजारीबाग नगर भवन में आयोजित विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए भूपेंद्र यादव ने सेना के शौर्य का सबूत मांगने के लिए विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने पूछा कि इस देश की जिन लोकतांत्रिक पार्टियों को अपनी सेना पर विश्वास नहीं है, वे सत्ता में आना चाहते हैं। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि सेना के शौर्य पर सवाल उठाने वाले ये लोग क्या दुश्मन देशों और आतंकवादियों की मदद नहीं कर रहे।
उन्होंने एक बार फिर लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की बहुमतवाली सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे भाजपा को बहुमत प्रदान कराने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दोबारा पीएम बनाने के लिए एकजुट होकर काम करें। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता तन, मन और धन से पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचायें। पार्टी कार्यकर्ता एक बार फिर एकजुटता के साथ झारखंड में राजग प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित कराते हुए संसद तक पहुंचायें।
भूपेंद्र यादव ने कहा कि पिछले पांच साल की मोदी सरकार ने विकास और देश की सीमाओें की सुरक्षा के क्षेत्र में कई मील के पत्थर स्थापित किये। उन्होंने अबकी बार फिर मोदी सरकार का नारा दिया। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नरेंद्र भाई मोदी की सरकार ने विकास के पैसों की बंदरबांट रोकी। पहले लाभुकों के लिए केंंद्र से एक सौ रुपये चलते थे, तो बीच में 85 रुपये बिचौलिये खा जाते थे। हमारी सरकार ने तकनीकी का उपयोग कर यह सुनिश्चित किया कि पूरी रकम बिना काट-छांट के लाभुक तक पहुंचे। उन्होंने सरकार की विकास योजनाओं की सफलता पर भी प्रकाश डाला। उज्ज्वला योजना, फसल बीमा योजना, मुद्रा योजना, किसान सम्मान योजना जैसी योजनाओं को सफल बताते हुए कहा कि इससे देश के सवा सौ करोड़ लोगों के जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन आये।
भूपेंद्र यादव ने विपक्ष पर तंज भी कसा। कांग्रेस से पूछा कि जब लंदन में भारत के चुनाव आयोग पर उंगलियां उठायी जाती हैं, तो इनके नेता वहां क्यों मौजूद होते हैं। देश की संवैधानिक संस्थाओं को विदेशों में बदनाम करने वाला यह विपक्ष देश की सेवा के लिए यहां की जनता से मौका आखिर किस दम पर मांगता है। कहा कि जिन्हें लोकसभा चुनाव से कोई मतलब नहीं है, वे मोदी को हराने की बात करते हैं। ममता, मायावती, नायडू, अखिलेश इनमें से किसी को भी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ना है और ये बिना कारण मोदी को रोकने की बात करते हैं। भूपेंद्र यादव ने कांग्रेस को आडेÞ हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस इकलौती ऐसी पार्टी है, जो बंगाल में कम्युनिस्टों के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ती है और वहीं केरल में कम्युनिस्टों के खिलाफ चुनाव लड़ती है। यह कैसा सिद्धांत है।
संकल्प सभा को विधायक मनीष जयसवाल, राकेश प्रसाद और प्रदीप वर्मा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष टुन्नू गोप, भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप यादव, नगर निगम अध्यक्ष रोशनी तिर्की, उपध्यक्ष राजकुमार लाल सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।