धनबाद। भाजपा धनबाद जिलाध्यक्ष से संसद तक का सफर तय करने वाले टिकट मिलने के बाद पीएन सिंह भाजपा की शक्ति और विपक्ष की कमजोर भूमिका को लेकर हैट्रिक जड़ने की जुगत भिड़ गये हैं। रविवार को पत्रकारों से बातचीत में सांसद पीएन सिंह ने कहा कि मोदी और अमित शाह के कुशल नेतृत्व में देश के साथ ही भाजपा भी आगे बढ़ी है। धनबाद में भाजपा की स्थिति काफी मजबूत है। वहां से इस बार हैट्रिक लगायेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ी है। इससे संगठन की ताकत बढ़ी है। उन्होंने आगे कहा कि विगत 2014 के लोकसभा चुनाव के समय सिर्फ झरिया से ही भाजपा के विधायक थे, लेकिन अब धनबाद, झरिया, सिंदरी, बोकारो, चंदनकियारी से भाजपा के ही विधायक हैं। निरसा से भी भाजपा प्रत्याशी कुछ वोटों से हारे थे। यानी लाल झंडा के दुर्ग में भी भाजपा की शक्ति बढ़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव हारते गये और जनता के बीच से गायब होते गये। कांग्रेस को वोट देने वाले वोटर हमेशा खुद को ठगा महसूस करते रहे।
पीएन सिंह का अभिनंदन समारोह
धनबाद लोकसभा चुनाव-2019 के लिए धनबाद लोकसभा से भारतीय जनता पार्टी का टिकट मिलने के बाद रविवार को जेसी मल्लिक रोड स्थित पार्टी कार्यालय में वर्तमान सांसद पशुपतिनाथ सिंह का कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। पार्टी के सदस्यों एंव कार्यकर्ताओंं ने इस दौरान उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। इस दौरान हर कोई पशुपतिनाथ सिंह के साथ सेल्फी में व्यस्त दिखा। समारोह में विधायक फूलचंद मंडल और ढुल्लू महतो के नहीं आने को लेकर चर्चा भी होती।