जमशेदपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ ने कहा कि भारतीय रेल यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधा उपलब्ध करा रही है। रेलवे में अत्याधुनिक उपकरणों का प्रयोग हो रहा है। स्टेशनों का उन्नयन हो रहा है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का मान, सम्मान और स्वाभिमान बढ़ा है तथा न्यू भारत का संकल्प पूरा हो रहा है। टाटानगर स्टेशन पर दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने ये बातें कहीं। उनके साथ जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो और प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राजेश शुक्ला भी उपस्थित थे।
इस समारोह में टाटानगर स्टेशन पर लिफ्ट और चलायमान सीढ़ियां, आदित्यपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक और दो का विस्तार, राजखरसवां-डोंगवपोसी स्टेशनों के बीच तीसरी लाइन, डोंगवपोसी क्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों पर आरडीएसओ प्रकार की प्लेटफार्म छावनियां, रजरप्पा में छिन्मस्तिका रामगढ़ स्टेशन के पुनर्विकसित अग्रभाग को वीडियो लिंक से जोड़ना का उद्घाटन किया गया। जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो ने कहा कि देश सहित कोल्हान के रेल उपभोक्ता अब सुविधा और सुरक्षा के साथ यात्रा कर रहे हैं तथा लगातार रेल सुविधाएं बढ़ रही हैं। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार शुक्ल ने कहा है कि इन सुविधाओं की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।