रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मास्क और सैनिटाइजर की कालाबाजारी करनेवालों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि झारखंड में यदि किसी ने मास्क और सैनिटाइजर की कालाबाजारी की, तो उसकी खैर नहीं। सीएम को सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि रांची में मास्क और सैनिटाइजर को अधिक मूल्य पर बेचा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के उपायुक्त और पुलिस को मामले में संज्ञान लेते हुए उचित दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विक्रेताओं को मालूम है और उन्हें समझना चाहिए कि मास्क और सैनिटाइजर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के दायरे में आते हैं, इसलिए इनकी कालाबाजारी एवं उचित मूल्य से अधिक दर पर बेचना अपराध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और प्रशासन इस पर नजर रखे हुए है और शिकायत मिलते ही कार्रवाई की जायेगी।
स्वास्थ्यकर्मियों ने किया सीएम का स्कैन
विधानसभा परिसर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शरीर के तापमान का सदर अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा स्कैन किया गया। इस क्रम में मुख्यमंत्री के शरीर का तापमान सामान्य पाया गया। यह कोरोना वायरस की वजह से सामान्य जांच प्रक्रिया थी। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य कर्मियों की सजगता की सराहना की।