रांची। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार दीपक प्रकाश ने सोमवार को आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो से उनके आवास पर मुलाकात की और उनसे समर्थन मांगा। उनके साथ भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी थे। आजसू प्रमुख से भाजपा नेताओं ने राज्यसभा चुनाव में बन रहे समीकरणों के अलावा राज्य की राजनीति और विधानसभा के सत्र पर भी चर्चा की। दीपक प्रकाश ने सुदेश महतो से कहा कि लंबोदर महतो राज्यसभा चुनाव में उनके प्रस्तावक बने हैं। इसलिए यह शिष्टाचार मुलाकात थी। मुलाकात के बाद दीपक प्रकाश ने कहा कि सुदेश महतो ने समर्थन देने का भरोसा दिया है। उनसे सकारात्मक माहौल में वार्ता हुई है। आजसू पार्टी पहले भी भाजपा की सहयोगी रही है और राज्यसभा चुनाव में आजसू के दो विधायकों का उन्हें समर्थन मिलेगा। दोनों दल मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। दोनों नेताओं के बीच विधानसभा चुनाव में गठबंधन टूटने से हुए नफा-नुकसान की भी चर्चा हुई। इसपर सुदेश महतो ने अपनी राय दी।
गौरतलब है कि राज्यसभा चुनाव में आजसू भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करेगी इसके कयास तभी से लगाये जाने लगे थे जब 13 मार्च को सुदेश महतो ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। सुदेश से मुलाकात से पहले दीपक प्रकाश ने निर्दलीय विधायक सरयू राय से भी मुलाकात की थी। निर्दलीय अमित यादव का समर्थन भी दीपक प्रकाश को मिलेगा। ऐसे में भाजपा से दीपक प्रकाश और झामुमो से शिबू सोरेन की जीत तय मानी जा रही है।