रांची/चतरा/हजारीबाग। राज्य भर में शनिवार को हुई बेमौैसम की बारिश ने भारी तबाही मचायी है। इस बारिश ने रबी और सब्जी की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है, वहीं टंडवा-चतरा के बीच गेरुआ पुल धंस जाने से हजारों की आबादी का सड़क संपर्क टूट गया है। सुबह से हो रही बारिश के कारण तापमान अचानक गिर गया है। इसके कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक बारिश और तेज हवा चलने की भविष्यवाणी की है।
बारिश से किसानों की कमर टूटी
राज्य मुख्यालय में मिली जानकारी के अनुसार उत्तरी छोटानागपुर के जिलों के अलावा झारखंड के दूसरे हिस्सों में बेमौसम की बरसात ने रबी फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। गेहूं और दलहन की फसलें बर्बाद हो गयी हैं। इसके अलावा गरमा धान भी बर्बाद हो गया है। सब्जी की खेती को भी व्यापक नुकसान हुआ है। हजारीबाग और रामगढ़ के साथ रांची के बेड़ो और पिठोरिया और लोहरदगा में ओलावृष्टि ने खेतों में लगी सब्जी को बर्बाद कर दिया है। इस कारण अगले कुछ दिनों में सब्जी की किल्लत हो सकती है।
गेरुआ पुल धंसा, आवागमन ठप
टंडवा शहीद चौक से जाने वाली सिमरिया-चतरा-हजारीबाग- गया मुख्य सड़क को जोड़ने वाले लाइफ लाइन गेरुआ पुल शनिवार की सुबह बीच में धंस गया। इससे आवागमन ठप हो गया है। पुल धंसने के कुछ सेकेंड पहले वहां से रांची जा रही बस गुजरी थी। एक बाइक सवार बाल-बाल बच गया। पुल टूटने के कारण चतरा का सिमरिया होकर हजारीबाग से संपर्क टूट गया है। इससे हजारों की आबादी प्रभावित हुई है। गेरुआ नदी उफनायी हुई है।
उफनती नदी में यात्री बस फंसी
उधर प्रतापपुर-जोरी मुख्य मार्ग पर बांझाबहेर नदी में शनिवार सुबह अचानक बाढ़ आने से एक सिटी राइड बस बीच नदी में फंस गयी। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला। इस सड़क पर यातायात पूरी तरह से बंद है, जिससे लोग परेशान हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version